MP में रिकॉर्ड गर्मी का दौर शुरू: 4 दिन तक लू का कहर, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट, पारा 44 डिग्री के पार

Heatwave Alert In MP: मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने आज कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बुधवार को राज्य के कई जिलों में पारा 44 के पार पहुंच गया।
MP Weather Update News
कॉन्सेप्ट इमेज (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

MP Weather Update: मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी ने अब विकराल रूप लेना शुरू कर दिया है। बुधवार को प्रदेश के कई शहरों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। सबसे ज्यादा गर्मी छतरपुर जिले के खजुराहो में दर्ज की गई, जहां पारा 45.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

भारत मौसम विज्ञान विभाग भोपाल के अनुसार अगले चार दिनों तक प्रदेश के आधे हिस्से में लू का असर बना रहेगा। खासतौर पर मालवा-निमाड़ क्षेत्र यानी इंदौर और उज्जैन संभाग के जिलों में तीव्र गर्मी पड़ने की संभावना है।

इंदौर-उज्जैन संभाग में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने आज इंदौर, उज्जैन, धार और रतलाम में तीव्र लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने इन क्षेत्रों में 'वॉर्म नाइट' की चेतावनी भी दी है, यानी रात के समय भी तापमान सामान्य से अधिक रहेगा और गर्म हवाएं चलती रहेंगी। इसके अलावा झाबुआ, आलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, नर्मदापुरम, देवास, सीहोर, शाजापुर, आगर-मालवा और राजगढ़ जिलों में भी लू चलने की संभावना जताई गई है।

भोपाल-जबलपुर समेत कई शहरों में तेज गर्मी

गुरुवार को भोपाल, जबलपुर और ग्वालियर समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भी तेज गर्मी पड़ने का अनुमान है। शाजापुर, आगर-मालवा, नीमच, मंदसौर, निवाड़ी, भिंड, मुरैना, दतिया, श्योपुर, टीकमगढ़ और छतरपुर में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है।

12 शहरों में तापमान 44 डिग्री के पार

बुधवार को प्रदेश के 12 शहरों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया।

  • खजुराहो – 45.4°C
  • रतलाम – 45.2°C
  • धार – 45°C
  • शाजापुर – 44.7°C
  • गुना – 44.6°C
  • श्योपुर और सागर – 44.4°C
  • खरगोन और रायसेन – 44.2°C
  • खंडवा – 44.1°C
  • दमोह – 44°C

आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का भी असर

मध्य प्रदेश के पांच बड़े शहरों में उज्जैन सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 44.7 डिग्री दर्ज किया गया। भोपाल में 43.2 डिग्री, इंदौर में 43.6 डिग्री, ग्वालियर में 42 डिग्री और जबलपुर में 42.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। भीषण गर्मी के बीच प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम का दूसरा रूप भी देखने को मिला। बुधवार शाम जबलपुर और सिवनी में बारिश हुई, जबकि पांढुर्णा में ओलावृष्टि दर्ज की गई। कई जिलों में तेज आंधी भी चली।

17 मई तक राहत के आसार नहीं

मौसम विभाग अगले चार दिनों तक प्रदेश में तेज गर्मी बनी रहेगी। इंदौर और उज्जैन संभाग में गर्मी का प्रभाव सबसे अधिक रहेगा। वहीं भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर संभाग में भी लू की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने 17 मई तक प्रदेश के बड़े हिस्से में अलर्ट जारी रखा है। मई के 13 दिनों में 11 दिनों तक कहीं बारिश तो कहीं आंधी और ओलावृष्टि देखने को मिली थी।

Navbharat Live
navbharatlive.com