

MP Sugam Bus Seva Fare Reduction: मध्य प्रदेश के लाखों बस यात्रियों को 1 अगस्त से बड़ी राहत मिलने जा रही है। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी ‘सुगम बस सेवा’ के तहत बस किराए में कमी की तैयारी पूरी कर ली गई है। परिवहन विभाग द्वारा तैयार नए किराया फॉर्मूले के अनुसार लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को एक तरफ के सफर में 200 से 400 रुपये तक की बचत हो सकेगी। योजना के पहले चरण में इंदौर को प्रमुख हब बनाया गया है, जहां से प्रदेशभर के विभिन्न शहरों और जिलों के लिए 250 बसों का संचालन किया जाएगा।
परिवहन विभाग ने बस किराया तय करने के लिए 1.25 रुपये प्रति किलोमीटर का बेसिक फेयर निर्धारित किया है। इस फॉर्मूले के तहत यात्रियों को प्रत्येक 100 किलोमीटर की दूरी के लिए 125 रुपये का भुगतान करना होगा। विभाग का दावा है कि यह किराया वर्तमान निजी बस सेवाओं की तुलना में काफी कम होगा, जिससे आम यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
योजना के पहले चरण में 250 बसें सड़क पर उतरेंगी। इनमें 200 बसें मध्य प्रदेश के विभिन्न शहरों के बीच संचालित होंगी, जबकि 50 बसें अंतर्राज्यीय मार्गों पर चलाई जाएंगी। इससे मध्य प्रदेश से उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान जैसे राज्यों की यात्रा भी अधिक किफायती हो जाएगी।
नए प्रस्तावित किराए के अनुसार इंदौर से भोपाल का सफर लगभग 245 से 250 रुपये, उज्जैन का 70 से 75 रुपये, रतलाम का 175 से 180 रुपये, ग्वालियर का 625 से 630 रुपये और जबलपुर का 650 से 655 रुपये में पूरा किया जा सकेगा। वर्तमान में बसों के किराए की तुलना में यह काफी कम है।
नई व्यवस्था का सबसे अधिक फायदा लंबी दूरी के यात्रियों, छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों को मिलेगा। परिवहन विभाग का मानना है कि कम किराए के कारण अधिक लोग सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करेंगे, जिससे निजी वाहनों पर निर्भरता भी कम होगी।
परिवहन मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने ‘सुगम बस सेवा’ को राज्य सरकार की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल बताते हुए कहा कि इसका उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और सस्ती परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है। सरकार आने वाले समय में इस सेवा का विस्तार प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी करेगी।