मध्य प्रदेश में सूखे जैसे हालात: मानसून 17% कमजोर, 39 जिलों में सामान्य से कम बारिश

MP Monsoon Update : मध्य प्रदेश में सामान्य से 17% कम बारिश दर्ज हुई है। 39 जिलों में औसत से कम वर्षा हुई। IMD ने अगले 4 दिनों तक सीमित जिलों में ही भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
MP Rain Deficit 2026
कॉन्सेप्ट इमेज (फोटो सोर्स- नवभारत)
Updated on

MP Rain Deficit :मध्य प्रदेश में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने से सूखे जैसे हालात बनने लगे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अब तक केवल 268.1 मिमी (10.5 इंच) बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि तक 323.2 मिमी (12.7 इंच) बारिश हो जानी चाहिए थी। यानी प्रदेश में अब तक 17 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। पिछले 13 दिनों में कई जिलों में बूंदाबांदी जरूर हुई, लेकिन कहीं भी व्यापक और लगातार भारी बारिश नहीं होने से बारिश का औसत लगातार गिरता जा रहा है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के 39 जिलों में सामान्य से कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। इनमें जबलपुर, नरसिंहपुर, कटनी, मंडला, सिवनी, सागर, रीवा, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, छिंदवाड़ा, बालाघाट, पन्ना, दमोह, उमरिया, विदिशा, रायसेन, धार, गुना, मुरैना, शिवपुरी, श्योपुर, झाबुआ और अन्य जिले शामिल हैं। पूर्वी मध्य प्रदेश में निवाड़ी को छोड़कर लगभग सभी जिलों में बारिश का आंकड़ा सामान्य से नीचे है।

पश्चिमी हिस्से में भी बिगड़े हालात

जुलाई के पहले सप्ताह तक भोपाल, इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम, ग्वालियर और चंबल संभाग के जिलों में बारिश सामान्य से अधिक थी, लेकिन लगातार कमजोर मानसून के कारण अब इन क्षेत्रों का औसत भी 12 प्रतिशत की कमी पर पहुंच गया है। वहीं पूर्वी मध्य प्रदेश में औसतन 17 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है।

देवास में सबसे ज्यादा, आलीराजपुर में सबसे कम बारिश

प्रदेश में देवास सबसे अधिक बारिश वाला जिला बना हुआ है, जहां अब तक करीब 18 इंच बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 102 प्रतिशत अधिक है। हरदा में 15 इंच, इंदौर और सीहोर में करीब 14 इंच तथा भोपाल में 13.1 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई है। दूसरी ओर आलीराजपुर में सबसे कम करीब 2.25 इंच बारिश हुई है, जो सामान्य से 74 प्रतिशत कम है।

अगले चार दिन भी सीमित जिलों में ही भारी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। मंगलवार के लिए मुरैना, भिंड, दमोह और कटनी में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। जबकि भोपाल, इंदौर, जबलपुर, नरसिंहपुर, सिवनी, मंडला, बालाघाट, रीवा, सतना, सागर, शहडोल, उमरिया समेत कई जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं नीमच, मंदसौर और रतलाम में बारिश की संभावना नहीं है और मौसम साफ रहने का अनुमान है।

Navbharat Live
navbharatlive.com