

MP Heavy Rain Alert: मध्य प्रदेश में करीब नौ दिनों की सुस्ती के बाद मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ने की तैयारी में है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के भोपाल केंद्र ने शुक्रवार को बालाघाट और डिंडौरी जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा प्रदेश के 31 से अधिक जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हो रहा निम्न दबाव का क्षेत्र और प्रदेश के ऊपर बने तीन चक्रवाती परिसंचरण बारिश की गतिविधियों को बढ़ावा दे रहे हैं। वहीं, 19 जुलाई से उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय होने वाला पश्चिमी विक्षोभ भी मौसम में बदलाव लाएगा, जिससे प्रदेश में फिर से तेज बारिश का दौर शुरू हो सकता है।
प्रदेश में पिछले नौ दिनों से कहीं भी व्यापक स्तर पर भारी बारिश दर्ज नहीं हुई है। इसका असर मानसूनी आंकड़ों पर भी पड़ा है। अब तक मध्य प्रदेश में 243.3 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य वर्षा 281.3 मिमी मानी जाती है। यानी प्रदेश में फिलहाल औसत से करीब 13 प्रतिशत कम बारिश हुई है। पूर्वी मध्य प्रदेश के जिलों में स्थिति अधिक चिंताजनक है, जहां सामान्य से लगभग 26 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। वहीं पश्चिमी हिस्से में भी औसत से करीब 2 प्रतिशत कम बारिश हुई है।
मौसम विभाग ने बालाघाट और डिंडौरी में भारी बारिश की चेतावनी दी है। इसके अलावा आलीराजपुर, धार, बड़वानी, इंदौर, खरगोन, देवास, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, बैतूल, नर्मदापुरम, रायसेन, सागर, पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, दमोह, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, भिंड, दतिया, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, कटनी, जबलपुर, सिवनी, मंडला, अनूपपुर और उमरिया में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।
राजधानी भोपाल सहित ग्वालियर, मुरैना, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, सीहोर, राजगढ़, शाजापुर, आगर-मालवा, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, रतलाम और झाबुआ में फिलहाल गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर सकती है। इन क्षेत्रों में व्यापक बारिश की संभावना अपेक्षाकृत कम बताई गई है।
प्रदेश के 35 जिलों में अब तक सामान्य से कम बारिश दर्ज हुई है। इनमें अनूपपुर, बालाघाट, डिंडौरी, जबलपुर, कटनी, मंडला, रीवा, सतना, सागर, छिंदवाड़ा, सिवनी, पन्ना, उमरिया, धार, बड़वानी, बैतूल, रायसेन, नर्मदापुरम, शिवपुरी, मुरैना और विदिशा सहित अन्य जिले शामिल हैं। वहीं 20 जिलों में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई है। इनमें भोपाल, इंदौर, उज्जैन, देवास, हरदा, गुना, ग्वालियर, खंडवा, खरगोन, बुरहानपुर, रतलाम, मंदसौर, नीमच, सीहोर, शाजापुर और राजगढ़ जैसे जिले प्रमुख हैं।