

Highlights:
कार्तिकेय सिंह चौहान को मध्य प्रदेश वॉलीबॉल संघ का अध्यक्ष बनाया गया।
महाआर्यमन सिंधिया मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं।
भाजपा के कई मंत्री, विधायक और नेताओं के बेटे विभिन्न खेल संघों में पद संभाल रहे हैं।
MP Political Leaders Sports Associations : मध्य प्रदेश में खेल संघों में राजनीतिक परिवारों की मौजूदगी एक बार फिर चर्चा में है। पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान को मध्य प्रदेश वॉलीबॉल संघ का अध्यक्ष बनाया गया है।
खेल संघों को राजनीतिक और सामाजिक पहचान बढ़ाने के मंच के तौर पर भी देखा जाता है। प्रदेश में भाजपा के कई मंत्री, विधायक और नेताओं के परिवार के सदस्य अलग-अलग खेल संगठनों में पद संभाल रहे हैं। इनमें ज्योतिरादित्य सिंधिया के बेटे महाआर्यमन सिंधिया से लेकर नरेंद्र सिंह तोमर के दोनों बेटों तक के नाम शामिल हैं।
कार्तिकेय सिंह चौहान को मध्य प्रदेश वॉलीबॉल संघ का निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया है। उन्होंने जिम्मेदारी सौंपने के लिए संघ के पदाधिकारियों, जिला संघों के प्रतिनिधियों और सदस्यों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सभी के साथ मिलकर प्रदेश में वॉलीबॉल का विकास करना उनके लिए सम्मान और बड़ी जिम्मेदारी है।
कार्तिकेय ने वॉलीबॉल को प्रदेश के हर गांव और युवा तक पहुंचाने, नई प्रतिभाओं को अवसर देने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने मध्य प्रदेश वॉलीबॉल खेल नीति-2026 का प्रारूप तैयार करने और प्रदेश के हर जिले में इस खेल को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए रोडमैप बनाने की बात भी कही।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के बेटे महाआर्यमन सिंधिया मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (MPCA) के निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए हैं। इसके अलावा वे ग्वालियर संभाग क्रिकेट संघ (GDCA) के उपाध्यक्ष और मध्य प्रदेश टी-20 लीग (MPL) के अध्यक्ष भी हैं। क्रिकेट के बाद अब वॉलीबॉल संघ की कमान भी एक राजनीतिक परिवार की अगली पीढ़ी के सदस्य के पास है।
प्रदेश में भाजपा के कई मंत्री, विधायक और नेता विभिन्न खेल संघों में अध्यक्ष, संरक्षक और अन्य पदों पर हैं। इनमें शामिल नाम इस प्रकार हैं-
विश्वास सारंग: मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री। मध्य प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के एक धड़े से जुड़े हैं।
रमेश मेंदोला: इंदौर से भाजपा विधायक। सॉफ्टबॉल एसोसिएशन और राइफल एसोसिएशन के अध्यक्ष, इंदौर फुटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष और कराटे एसोसिएशन के संरक्षक के रूप में उनका नाम दिया गया है।
कैलाश विजयवर्गीय: मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री। कराटे एसोसिएशन के मुख्य संरक्षक बताए गए हैं।
संजय पाठक: भाजपा विधायक। बॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं।
पीयूष शर्मा: भाजपा नेता। तैराकी संघ के अध्यक्ष हैं।
अश्विन शर्मा: भाजपा नेता। पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ मध्य प्रदेश के चेयरमैन हैं।
दिग्विजय सिंह: भाजपा नेता। बॉक्सिंग एसोसिएशन के सचिव और ओलंपिक एसोसिएशन के सचिव के रूप में उनका नाम दिया गया है।
केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के दोनों बेटे भी विभिन्न राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय खेल संगठनों से जुड़े रहे हैं।
देवेंद्र प्रताप सिंह तोमर (रामू भैया): हॉकी इंडिया में सहायक उपाध्यक्ष के पद पर रहे हैं। वे स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स मध्य प्रदेश (SAMMA MP) के अध्यक्ष और MMA India के उपाध्यक्ष पद से भी जुड़े रहे हैं।
प्रबल प्रताप सिंह तोमर (रघु भैया): दिल्ली लॉन टेनिस एसोसिएशन (DLTA) के उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। वे भारतीय पेनकैक सिलाट फेडरेशन के उपाध्यक्ष पद पर भी कार्यरत रहे हैं।
देवास के पवार परिवार से जुड़े विक्रम सिंह पवार मध्य प्रदेश कराटे एसोसिएशन में डायरेक्टर का पद संभाल रहे हैं। वे भाजपा विधायक गायत्री राजे पवार के बेटे हैं। इस तरह क्रिकेट, वॉलीबॉल, कराटे, बॉक्सिंग, फुटबॉल, हॉकी और अन्य खेलों के संगठनों में राजनीतिक परिवारों से जुड़े लोगों की मौजूदगी दिखाई देती है। कार्तिकेय सिंह चौहान को वॉलीबॉल संघ की जिम्मेदारी मिलने के बाद खेल संगठनों में नेताओं और उनके परिवारों की भूमिका फिर चर्चा में है। इन संगठनों के सामने खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने, नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और प्रदेश में खेलों का दायरा बढ़ाने की जिम्मेदारी भी है।