

Jyotiraditya Scindia Guna Public Hearing: मध्य प्रदेश के गुना से जनसुनवाई का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दरअसल, यह वीडियो है गुना से सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया का। बता दें कि, जनसुनवाई के दौरान मोहन बारेला मामले के परिजन न्याय की गुहार लेकर पहुंचे थे। इस मामले को लेकर जब सिंधिया ने अफसरों को तलाशा तब कलेक्टर-एसपी के गाड़ी में बैठे होने की बात सामने आई।
सिंधिया ने तत्काल कलेक्टर-एसपी को बुलाया और कड़े शब्दों में कहा कि गाड़ी में मत बैठिए, आप दोनों मेरी ड्यूटी पर हैं।
बता दें कि, ज्योतिरादित्य सिंधिया चार दिवसीय गुना दौरे पर हैं। वह तीसरे दिन यानी शुक्रवार को सिंधिया सर्किट हाउस में जनसुनवाई कर रहे थे। इसी दौरान मोहन बारेला मामले से जुड़े कुछ लोग जनसुनवाई में पहुंचे और उन्होंने सिंधिया के समक्ष अपनी फरियाद रखी। जिसके चलते सांसद ने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों से मामले को जानना चाहा लेकिन कलेक्टर-एसपी मौके पर मौजूद होने की जगह अपनी गाड़ियों में बैठे हुए थे। इस पर सिंधिया ने अधिकारियों को बुलाने के निर्देश दिए और उनकी गैरहाजिरी पर नाराजगी जताई।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया कलेक्टर को सख्त लहजे में बुलाते हुए नजर आ रहे हैं। वह कहते हैं "कलेक्टर कहां है, जल्दी बुलाओ...गाड़ी में मत बैठिए आप दोनों, मेरी ड्यूटी पर हैं।" उन्होंने अफसरों को ये भी बोला कि उन्हें गाड़ी से बुलाने की नौबत नहीं आनी चाहिए। सिंधिया के कड़क अंदाज के बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे। जिसके बाद उन्होंने मोहन बारेला मामले की जानकारी अधिकारियों से सीधे ली।
इस मामले को लेकर सिंधिया ने पीड़ित परिवार की शिकायत को सुना और अफसरों से हादसे में शामिल वाहन, दुर्घटना की परिस्थितियों और अब तक हुई कार्रवाई से जुड़े तथ्यों की पूरी जानकारी ली। उन्होंने इस हादसे की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने साफ शब्दों में कहा कि संवेदनशील मामलों में जिला प्रशासन को गंभीरता से अपना काम करना चाहिए और पीड़ित परिवार की शिकायत का उचित से उचित निराकरण होना चाहिए।