

MP Police SI recruitment 2027: मध्य प्रदेश में पुलिस विभाग में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। कर्मचारी चयन मंडल ने पुलिस सब-इंस्पेक्टर (एसआई) और सूबेदार के कुल 507 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया है।
इच्छुक अभ्यर्थी 9 सितंबर 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 23 सितंबर निर्धारित की गई है। वहीं भर्ती परीक्षा 28 अक्टूबर से दो पालियों में आयोजित की जाएगी।
जारी अधिसूचना के अनुसार कुल 507 पदों में सबसे अधिक 312 पद उप निरीक्षक (जिला पुलिस बल) के लिए निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा 81 पद सूबेदार, 69 पद उप निरीक्षक (विशेष सशस्त्र बल) तथा शेष पद आर्म्स, फिंगरप्रिंट, फोटो और अन्य तकनीकी शाखाओं के लिए आरक्षित हैं। अभ्यर्थियों को आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के बाद 28 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन में संशोधन करने की सुविधा भी दी गई है।
सूबेदार और सब-इंस्पेक्टर दोनों पदों के लिए लेवल-9 के अंतर्गत 36,200 रुपये से 1,14,800 रुपये तक का वेतनमान निर्धारित किया गया है। इसके साथ शासन के नियमानुसार अन्य भत्ते और सुविधाएं भी मिलेंगी। परीक्षा शुल्क की बात करें तो अनारक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को 500 रुपये शुल्क देना होगा। वहीं मध्य प्रदेश के ओबीसी, एससी, एसटी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए यह शुल्क 250 रुपये निर्धारित किया गया है। कियोस्क के माध्यम से आवेदन करने पर 60 रुपये तथा एमपी ऑनलाइन पोर्टल के जरिए आवेदन करने पर 20 रुपये अतिरिक्त शुल्क देना होगा।
विभागीय उम्मीदवारों के लिए अलग शुल्क संरचना तय की गई है। अनारक्षित वर्ग के विभागीय उम्मीदवारों से 200 रुपये और एससी, एसटी, ओबीसी तथा ईडब्ल्यूएस वर्ग के विभागीय अभ्यर्थियों से 100 रुपये शुल्क लिया जाएगा। भर्ती नियमों के अनुसार उप निरीक्षक (विशेष सशस्त्र बल) के पदों पर केवल पुरुष उम्मीदवार ही आवेदन कर सकेंगे। हालांकि अन्य पदों पर महिला अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित आरक्षण का लाभ उपलब्ध रहेगा।
कर्मचारी चयन मंडल ने अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण श्रेणी, मूल निवास प्रमाण-पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की पात्रता सुनिश्चित करने की सलाह दी है। दस्तावेज सत्यापन के दौरान सभी प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। यदि किसी भी चरण में गलत जानकारी या पात्रता में कमी पाई जाती है, तो उम्मीदवार की उम्मीदवारी निरस्त की जा सकती है। इसलिए अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले भर्ती नियमों का सावधानीपूर्वक अध्ययन करने की सलाह दी गई है।