MP में 165 किसान जीतेंगे ट्रैक्टर, बुलेट और ई-स्कूटर, लॉटरी से चुने गए विजेता, स्थापना दिवस पर मिलेगा पुरस्कार

Kisan Kalyan Swabhiman Parv : मध्यप्रदेश में किसान क्विज के 165 विजेता चुने गए। स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री मोहन यादव विजेता किसानों को ट्रैक्टर, बुलेट और ई-स्कूटर देंगे।
Madhya Pradesh Kisan Kalyan Swabhiman Parv quiz
किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विजफोटो सोर्स- नवभारत
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • MP के 55 जिलों से 165 किसान विजेता चुने गए।

  • किसानों को मिलेंगे 55 ट्रैक्टर, 55 बुलेट और 55 ई-स्कूटर।

  • भोपाल के विजेताओं को CM मोहन यादव करेंगे सम्मानित।

  • क्विज में करीब 40 हजार किसानों ने लिया हिस्सा।

  • 15,298 प्रतिभागियों ने पूरे 24 अंक हासिल किए।

MP Kisan Quiz Winners : मध्यप्रदेश में ‘किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व’ राज्य स्तरीय क्विज प्रतियोगिता के 165 विजेताओं का चयन लॉटरी के माध्यम से किया गया है। 27 अक्टूबर 2026 को चयन समिति ने प्रदेश के सभी 55 जिलों से विजेताओं का चयन किया। प्रत्येक जिले से प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के लिए एक-एक विजेता चुना गया है। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर सभी चयनित किसानों को पुरस्कार दिए जाएंगे।

भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जिले के तीन विजेताओं को सम्मानित करेंगे। भोपाल से संदीप वर्मा प्रथम, सुहानी राजपूत द्वितीय और समीर गौड़ तृतीय स्थान पर रहे। संदीप वर्मा को ट्रैक्टर, सुहानी राजपूत को बुलेट मोटरसाइकिल और समीर गौड़ को ई-स्कूटर दिया जाएगा। प्रदेश के अन्य जिलों में प्रभारी मंत्रियों द्वारा विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए जाएंगे।

प्रथम पुरस्कार में 55 ट्रैक्टर, इतने ही बुलेट और ई-स्कूटर

मुख्यमंत्री मोहन यादव के संस्कृति सलाहकार एवं वीर भारत न्यास के न्यासी सचिव श्रीराम तिवारी के अनुसार, प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार के रूप में 55 ट्रैक्टर, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 55 बुलेट मोटरसाइकिल और तृतीय पुरस्कार के रूप में 55 ई-स्कूटर दिए जाएंगे। इस तरह कुल 165 पुरस्कार वितरित किए जाएंगे। आयोजन का उद्देश्य किसानों को सम्मानित करने के साथ कृषि और किसान कल्याण से जुड़ी सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना है।

ऑनलाइन क्विज में करीब 40 हजार किसानों ने लिया हिस्सा

किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व के तहत ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता 29 जनवरी से 15 मार्च 2026 तक आयोजित की गई थी। इसमें किसानों के कल्याण, कृषि विकास और सरकारी योजनाओं से जुड़े 24 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे गए। प्रतिभागियों को प्रश्न हल करने के लिए 24 मिनट का समय दिया गया था। प्रत्येक सही उत्तर पर एक अंक निर्धारित था, जबकि गलत या अनुत्तरित प्रश्नों के लिए कोई नकारात्मक अंकन नहीं रखा गया था।

15,298 प्रतिभागियों ने हासिल किए पूरे अंक

आयोजकों के मुताबिक, प्रतियोगिता में लगभग 40 हजार किसानों ने हिस्सा लिया। इनमें से 15,298 प्रतिभागियों ने 24 में से 24 अंक हासिल किए और अंतिम मेरिट सूची में जगह बनाई। इस सूची में 13,091 पुरुष, 2,201 महिलाएं और छह अन्य प्रतिभागी शामिल हैं। पूर्ण अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों की जिलेवार मेरिट सूची तैयार करने के बाद लॉटरी के माध्यम से अंतिम विजेताओं का चयन किया गया।

Madhya Pradesh Kisan Kalyan Swabhiman Parv quiz
दतिया: धीरेंद्र शास्त्री बोले- सनातन को मुसलमानों और ईसाइयों से नहीं, हिंदू होकर नुकसान पहुंचाने वालों से खतरा

रीवा से संतोष द्विवेदी, इंदौर से जितेंद्र मौर्य प्रथम

जिलेवार चयन में भोपाल से संदीप वर्मा, रीवा से संतोष द्विवेदी और इंदौर से जितेंद्र मौर्य अपने-अपने जिलों में प्रथम स्थान पर रहे। इसके अलावा ग्वालियर से कृष्णा रावत, उज्जैन से रोहित अंजना, जबलपुर से अनिल पटेल, सागर से जयहिंद राजपूत और सतना से विद्या सोनी प्रथम स्थान पर चुने गए। अन्य जिलों के विजेताओं की सूची भी जारी की गई है। सभी विजेताओं के नाम आधिकारिक वेबसाइट https://quiz.veerbharatnyas.com/vijeta पर अपलोड किए गए हैं।

कई विभागों के सहयोग से हुआ आयोजन

यह पहल मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग के अंतर्गत वीर भारत न्यास, संस्कृति संचालनालय और जनसंपर्क विभाग ने किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग एवं संचालनालय कृषि अभियांत्रिकी के सहयोग से आयोजित की। आयोजकों का कहना है कि प्रतियोगिता के माध्यम से किसानों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने और कृषि क्षेत्र में उनके योगदान को सम्मानित करने का प्रयास किया गया है।

Navbharat Live
navbharatlive.com