MP में गर्मी का तांडव, 37 जिलों में हीटवेव अलर्ट, राजधानी में पिघल गया सड़कों का डामर

Heatwave Alert in Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश के 37 जिलों में हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के कई जिलों में पारा 43 डिग्री के पार पहुंच गया है। अगले 4 दिनों तक ऐसा ही मौसम रहेगा।
Madhya Pradesh Weather Update
कॉन्सेप्ट इमेज (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

MP Weather Daily Report: मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में आसमान से आग बरस रही है और तापमान लगातार 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच रहा है। शुक्रवार को प्रदेश के 12 शहरों में पारा 43 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। खंडवा सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

तेज गर्मी का असर राजधानी भोपाल में भी साफ दिखाई दिया। यहां कई जगहों पर सड़कों का डामर तक पिघल गया। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा नजर आया और लोग तेज धूप से बचने के लिए घरों में रहने को मजबूर दिखे। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 37 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है।

इन जिलों में लू का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार इंदौर, उज्जैन, रतलाम, धार और देवास में तीव्र लू चलने की संभावना है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं भोपाल, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, शिवपुरी, गुना, रायसेन, नर्मदापुरम, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, मंदसौर, झाबुआ, छतरपुर, सागर और दमोह समेत कई जिलों में भी गर्म हवाओं का असर रहेगा।

बड़े शहरों का तापमान

इंदौर, उज्जैन और मंडला में वॉर्म नाइट की स्थिति बनी रहेगी। यानी रात के समय भी तापमान सामान्य से अधिक रहेगा और लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। प्रदेश के बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 42.8 डिग्री, उज्जैन में 42.5 डिग्री, इंदौर और जबलपुर में 41.8 डिग्री तथा ग्वालियर में 40.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

अगले 3 दिनों तक ऐसा ही रहेगा मौसम

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। विभाग का कहना है कि अगले चार दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी का दौर जारी रहेगा। डॉक्टरों ने भी लोगों को ज्यादा पानी पीने और धूप से बचने की सलाह दी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com