MP में दशहरे पर रावण की जगह ज्ञानेश कुमार का पुतला जलाएगी कांग्रेस? 'वोट बचाओ-देश बचाओ' अभियान का पूरा प्लान

Gyanesh Kumar Effigy Burning Plan: वोट चोरी के आरोपों पर मध्य प्रदेश कांग्रेस का हल्लाबोल, 'वोट बचाओ-देश बचाओ' अभियान के तहत ब्लॉक मार्च से लेकर दिल्ली में रैली तक का खाका तैयार।
MP Congress Vote Bachao Desh Bachao Campaign
जीतू पटवारी (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

HIGHLIGHTS:

  • वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान चलाएगी कांग्रेस, ब्लॉक स्तर तक होंगे प्रदर्शन।

  • 20 अक्टूबर तक मार्च निकालने की तैयारी

  • मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतला दहन का कार्यक्रम प्रस्तावित।

  • 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की राष्ट्रीय रैली।

MP Congress Vote Bachao Desh Bachao Campaign: मध्य प्रदेश में मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी और ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर कांग्रेस ने आंदोलन तेज करने की तैयारी की है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के दो महीने के ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत प्रदेश से लेकर ब्लॉक स्तर तक विरोध प्रदर्शन, रैलियां और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कांग्रेस के कार्यक्रम में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ भी विरोध दर्ज कराने की योजना है। हालांकि, दशहरे पर रावण की जगह उनका पुतला जलाने का निर्देश AICC के परिपत्र में नहीं है।

पुतला दहन को ब्लॉक स्तर पर 20 अक्टूबर तक प्रस्तावित मार्च के समापन कार्यक्रम से जोड़ा गया है। अभियान के जरिए पार्टी मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों का मुद्दा जनता के बीच ले जाने की तैयारी कर रही है।

20 अक्टूबर तक ब्लॉक स्तर पर मार्च, मतदाता सूची की गड़बड़ी पर प्रदर्शन

कांग्रेस पार्टी के रोडमैप के मुताबिक, दशहरे के दौरान सार्वजनिक सभाओं में कार्यकर्ता और विभिन्न फ्रंटल संगठनों के स्वयंसेवक ‘वोट चोरी’ के आरोपों से संबंधित पर्चे बांटेंगे। इसके बाद ब्लॉक कांग्रेस कमेटियां महात्मा गांधी या डॉ. बीआर आंबेडकर की प्रतिमाओं से एसडीएम कार्यालय अथवा स्थानीय प्रशासनिक मुख्यालय तक पदयात्रा, साइकिल रैली या बाइक रैली निकालेंगी। मार्च के समापन पर संविधान के अनुच्छेद 326 का पाठ, राष्ट्रगान और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के पुतले का दहन प्रस्तावित है।

25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक गांव-गांव पहुंचेगी कांग्रेस

‘वोट बचाओ-देश बचाओ चौपाल’ अभियान के तहत कांग्रेस 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक गांवों में जनसंपर्क करेगी। इसकी शुरुआत प्रदेश और जिला मुख्यालयों पर प्रेस कॉन्फ्रेंस से होगी। इसके बाद जिला स्तर पर समन्वय बैठकें और ब्लॉक स्तर पर बूथ लेवल एजेंट्स (BLA) के साथ बैठकें आयोजित की जाएंगी। बीएलए मतदाता सूचियों का सत्यापन करेंगे और जिन मतदाताओं के नाम हटाए जाने या प्रविष्टियों में हेरफेर की आशंका है, उनका रिकॉर्ड जुटाएंगे। गांवों में चौपाल लगाकर इन मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

MP Congress Vote Bachao Desh Bachao Campaign
मुरैना में भीषण सड़क हादसा, देखते ही देखते आग का गोला बना डीजल से भरा ट्रक; लगी आग

एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की रैली

कांग्रेस के कार्यक्रम के अनुसार, 1 नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों के समन्वय से राष्ट्रीय रैली आयोजित की जाएगी। इसमें सांसदों, विधायकों, प्रदेश और जिला पदाधिकारियों तथा जमीनी कार्यकर्ताओं की भागीदारी का आह्वान किया गया है। पार्टी इस मंच के जरिए मतदाता सूची से जुड़ी अपनी चिंताओं को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने की तैयारी में है।

25-26 नवंबर को 'दिल्ली चलो', ग्वालियर से रवाना होंगे MP के कार्यकर्ता

अभियान के अंतिम चरण में 25 और 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर ‘दिल्ली चलो’ कार्यक्रम प्रस्तावित है। मध्य प्रदेश के कांग्रेस कार्यकर्ता 25 नवंबर को ग्वालियर शहर में जुटेंगे और अगले दिन वाहनों से दिल्ली रवाना होंगे। एआईसीसी ने प्रदेश, जिला और ब्लॉक इकाइयों से वाहनों, यात्रियों और रूट कैप्टन का विवरण मांगा है। अभियान की निगरानी के लिए केंद्रीय नियंत्रण कक्ष और AICC कनेक्ट सेंटर को जिम्मेदारी दी गई है।

Navbharat Live
navbharatlive.com