

MP Bank Strike : यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28, 29 और 30 सितंबर 2026 को तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल का ऐलान किया है। इससे पहले 26 सितंबर को चौथा शनिवार और 27 सितंबर को रविवार है। ऐसे में शाखाओं से जुड़े कामकाज पर 26 से 30 सितंबर तक लगातार पांच दिनों तक असर पड़ने की संभावना है।
जिन ग्राहकों को बैंक शाखा में जाकर कैश जमा या निकासी, चेक से जुड़ा काम, KYC, दस्तावेज जमा करने या किसी अन्य जरूरी प्रक्रिया को पूरा करना है, वे 23 से 25 सितंबर के बीच काम निपटा सकते हैं। कई बैंकों ने भी ग्राहकों को हड़ताल से पहले जरूरी लेन-देन पूरा करने की सलाह दी है।
UFBU के मुताबिक 28 से 30 सितंबर तक बैंक कर्मचारी और अधिकारी हड़ताल पर रहेंगे। 22 सितंबर को हुई बातचीत के बाद भी पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह की मांग पर सहमति नहीं बन सकी, जिसके बाद यूनियनों ने हड़ताल जारी रखने का फैसला किया। सरकार और बैंक प्रबंधन की ओर से हड़ताल टालने की अपील भी की गई थी।
बैंक हड़ताल के दौरान बैंक शाखाओं में कैश जमा-निकासी, चेक क्लियरेंस और कर्मचारियों की मदद से होने वाली अन्य सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। हालांकि डिजिटल बैंकिंग, UPI, मोबाइल बैंकिंग और इंटरनेट बैंकिंग जैसी सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहने की उम्मीद है, लेकिन इनकी उपलब्धता संबंधित बैंक की व्यवस्था या तकनीकी स्थिति पर निर्भर करेगी।
बैंक यूनियनों की प्रमुख मांगों में पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करना शामिल है। UFBU के अनुसार मार्च 2024 के वेतन समझौते में सोमवार से शुक्रवार तक रोजाना करीब 40 मिनट अतिरिक्त काम के जरिए सभी शनिवार को अवकाश देने का प्रस्ताव था। यूनियनों का कहना है कि इस प्रस्ताव को सरकार की मंजूरी का इंतजार है।
पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह के अलावा UFBU ने Performance Linked Incentive (PLI) व्यवस्था में बदलाव और अन्य लंबित सेवा एवं पेंशन संबंधी मुद्दों को भी आंदोलन का हिस्सा बनाया है। यूनियनों ने सितंबर के तीन दिवसीय आंदोलन के बाद मांगों पर समाधान नहीं होने की स्थिति में 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल का भी ऐलान किया है।