CM मोहन यादव ने अमित शाह समेत केंद्रीय मंत्रियों से की मुलाकात, नर्मदा परियोजनाओं को गति देने पर हुआ मंथन
Mohan Yadav Amit Shah Meeting : CM मोहन यादव ने नई दिल्ली दौरे के दौरान गृह मंत्री अमित शाह समेत कई केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की। नर्मदा परियोजनाओं के लंबित मामलों और अन्य मुद्दों पर चर्चा भी की।
- Reported By: सुधीर दंडोतिया | Edited By: प्रीतेश जैन
अमित शाह से मिले सीएम मोहन यादव (फोटो सोर्स- नवभारत)
Mohan Yadav Delhi Visit : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने दो दिवसीय नई दिल्ली दौरे के दौरान मध्यप्रदेश के विकास और राज्यहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर केंद्रीय मंत्रियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में हिस्सा लिया, जहां नर्मदा परियोजनाओं से जुड़े लंबित अंतर्राज्यीय मामलों और परियोजनाओं की प्रगति को तेज करने पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
उच्च स्तरीय बैठक में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल के साथ गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा तथा महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस भी मौजूद रहे। बैठक में नर्मदा बेसिन से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही राज्यों के बीच समन्वय बढ़ाकर लंबित मामलों का शीघ्र समाधान निकालने और परियोजनाओं के कार्यों को गति देने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में संबंधित परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आपसी सहयोग और समन्वय को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई।
प्रदेश से जुड़े मुद्दों को रखा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बैठक के दौरान मध्यप्रदेश से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से रखा और राज्य के विकास के लिए केंद्र सरकार से निरंतर सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि नर्मदा परियोजनाएं न केवल मध्यप्रदेश बल्कि संबंधित राज्यों के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण हैं और इनके समयबद्ध क्रियान्वयन से सिंचाई, पेयजल एवं क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।
सम्बंधित ख़बरें
AI के जरिए जीतू पटवारी की छवि धूमिल करने की साजिश, कांग्रेस ने PHQ में दर्ज कराई शिकायत; जानें पूरा मामला
MP में मत्स्य पालन का नया युग: कुवैत के साथ 7,430 करोड़ का समझौता; 30 हजार से ज्यादा लोगों को मिलेगा रोजगार
CM मोहन यादव 8 जुलाई को देंगे बड़ी सौगात; पीथमपुर में करेंगे ‘लियूगोंग’ की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का भूमि-पूजन
EXCLUSIVE: ‘जल्द होगा सुधार…’, इंदौर के ‘अदृश्य’ अस्पताल पर क्या बोले MP के डिप्टी CM राजेंद्र शुक्ला
केंद्रीय मंत्रियों से की मुलाकात
नई दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल तथा केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान से भी अलग-अलग मुलाकात की। इन बैठकों में मध्यप्रदेश से संबंधित विकास परियोजनाओं, रेल एवं सड़क अधोसंरचना, जल संसाधन, कृषि विकास तथा अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने विभिन्न परियोजनाओं में केंद्र सरकार के सहयोग और शीघ्र स्वीकृतियों से जुड़े विषय भी मंत्रियों के समक्ष रखे।
परियोजनाओं के समन्वय पर चर्चा
मुख्यमंत्री ने सभी केंद्रीय मंत्रियों का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया। इसके साथ ही उन्होंने गुजरात, राजस्थान और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्रियों से भी अलग-अलग मुलाकात कर अंतर्राज्यीय परियोजनाओं के बेहतर समन्वय और प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की। इन बैठकों में राज्यों के बीच सहयोग को और मजबूत बनाने तथा साझा विकास से जुड़े मुद्दों पर भी सकारात्मक बातचीत हुई।
ये भी पढ़ें : AI के जरिए जीतू पटवारी की छवि धूमिल करने की साजिश, कांग्रेस ने PHQ में दर्ज कराई शिकायत; जानें पूरा मामला
नर्मदा परियोजनाओं के लिए ये दौरा अहम
मुख्यमंत्री का यह दो दिवसीय नई दिल्ली दौरा राज्य के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर केंद्र सरकार के साथ समन्वय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विशेष रूप से नर्मदा परियोजनाओं के लंबित मामलों पर हुई उच्च स्तरीय बैठक को मध्यप्रदेश सहित संबंधित राज्यों के लिए अहम माना जा रहा है। सरकार का मानना है कि केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर तालमेल से इन परियोजनाओं के कार्यों में तेजी आएगी, जिससे क्षेत्र के किसानों, ग्रामीण आबादी और विकास कार्यों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
