

CM Mohan Yadav on Congress : मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने चुनाव आयोग को लेकर कांग्रेस के रुख पर सवाल उठाते हुए पार्टी को आत्ममंथन करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि जिस चुनाव आयोग की प्रक्रिया के माध्यम से कांग्रेस को कई राज्यों में सरकार बनाने का अवसर मिला, उसी आयोग पर लगातार सवाल उठाना समझ से परे है।
मुख्यमंत्री ने सवाल किया कि अगर चुनाव आयोग की प्रक्रिया पर अविश्वास है, तो केरल में कांग्रेस की जीत और हिमाचल प्रदेश में उसकी सरकार का क्या अर्थ है? उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपनी हार का ठीकरा संवैधानिक संस्थाओं पर फोड़ने के बजाय संगठन और नेतृत्व की कमजोरियों पर विचार करना चाहिए।
सीएम मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस को यह स्पष्ट करना चाहिए कि चुनाव आयोग की प्रक्रिया से जीत मिलने पर वह सही कैसे हो जाती है और चुनाव हारने पर उसी प्रक्रिया पर सवाल क्यों उठाए जाते हैं। उन्होंने केरल और हिमाचल प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां भी इसी लोकतांत्रिक और संवैधानिक व्यवस्था के तहत चुनाव हुए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनावी नतीजों को स्वीकार करने के बजाय आयोग पर लगातार सवाल उठाना उचित नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के चुनावी प्रदर्शन पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी को यह विचार करना चाहिए कि तमिलनाडु में वह लंबे समय से कमजोर क्यों है और पश्चिम बंगाल में दशकों से सत्ता से बाहर क्यों है। उत्तर प्रदेश और बिहार सहित कई राज्यों में कांग्रेस का जनाधार कमजोर होने के कारणों पर भी उसे विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इन सवालों का जवाब चुनाव आयोग को दोष देने में नहीं, बल्कि संगठन और नेतृत्व की कमजोरियों का आकलन करने में मिलेगा।
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और यहां चुनाव की प्रक्रिया संवैधानिक व्यवस्था के तहत चुनाव आयोग के माध्यम से पूरी होती है। चुनावी पराजय को स्वीकार करने के बजाय संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार हार के बाद अराजकता का वातावरण बनाने का प्रयास लोकतंत्र के हित में नहीं है।
मुख्यमंत्री ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को भी कांग्रेस के चुनावी प्रदर्शन और नेतृत्व की समीक्षा करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि लगातार मिल रही पराजय के लिए चुनाव आयोग या दूसरी संवैधानिक संस्थाओं को जिम्मेदार ठहराने के बजाय पार्टी को अपने संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं का विश्वास बढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए।
सीएम मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत आज पूरी दुनिया के सामने मजबूती से खड़ा है। उन्होंने कहा कि साधारण परिवार से निकलकर प्रधानमंत्री पद तक पहुंचे नरेंद्र मोदी ने देश का मान-सम्मान बढ़ाया और पद की गरिमा स्थापित की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को अपनी कमजोरियों को स्वीकार कर संगठन मजबूत बनाने और जनता के बीच अपना विश्वास दोबारा स्थापित करने की दिशा में काम करना चाहिए।