मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग पर दिल्ली से MP तक सियासी संग्राम, कांग्रेस आज मना रही काला दिवस

Bhopal Congress Protest : मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और SIR प्रक्रिया के विरोध में कांग्रेस आज काला दिवस मना रही है। भोपाल में शाम 4:30 बजे वोट बचाओ, देश बचाओ मार्च होगा।
Congress workers protesting
कांग्रेस का प्रदर्शनफाइल फोटो सोर्स- नवभारत
Published on: 
Updated on: 

MP Congress Black Day : मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में शुरू हुआ कांग्रेस और विपक्षी दलों का आंदोलन अब मध्य प्रदेश तक पहुंच गया है। दिल्ली में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और विपक्षी सांसदों को हिरासत में लिए जाने के विरोध में कांग्रेस आज ‘काला दिवस’ मना रही है।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर देशभर में प्रदेश, जिला और ब्लॉक स्तर पर विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। मध्य प्रदेश में भी कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर केंद्र और निर्वाचन आयोग के खिलाफ विरोध दर्ज करा रहे हैं।

उमंग सिंघार ने बदली प्रोफाइल फोटो

मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी सोशल मीडिया पर प्रोफाइल तस्वीर बदलकर आंदोलन को समर्थन दिया है। उनकी नई डीपी में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की प्रदर्शन के दौरान की तस्वीर लगाई गई है। इसके साथ ‘रिमेंबर-रिजेक्ट-रीबिल्ड’ और लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट होने का संदेश दिया गया है।

भोपाल में शाम 4:30 बजे निकलेगा पैदल मार्च

राजधानी भोपाल में आज शाम 4:30 बजे जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ पैदल मार्च निकाला जाएगा। मार्च व्यापम चौराहे से शुरू होकर बोर्ड ऑफिस चौराहे स्थित डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की प्रतिमा तक पहुंचेगा। यहां विपक्षी दलों के नेता और कार्यकर्ता विरोध दर्ज कराएंगे। प्रदर्शन में इंडिया गठबंधन के घटक दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ शहर प्रभारी रवि जोशी भी शामिल रहेंगे।

मतदाता सूची और SIR प्रक्रिया पर कांग्रेस के सवाल

कांग्रेस के आंदोलन का मुख्य मुद्दा मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर प्रक्रिया है। कांग्रेस का आरोप है कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी नहीं है। पार्टी का कहना है कि इससे मतदाताओं के अधिकार प्रभावित हो सकते हैं। कांग्रेस और उसके सहयोगी दल एसआईआर प्रक्रिया को लेकर उठाए जा रहे सवालों का समाधान और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

दिल्ली में दो दिन तक चला विरोध

दिल्ली में विपक्षी सांसदों ने लगातार दो दिन निर्वाचन आयोग और जंतर-मंतर की ओर मार्च निकालने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद नेताओं ने आकाशवाणी भवन परिसर में धरना दिया, जहां कई घंटे बाद उन्हें हिरासत में लिया गया। अगले दिन मार्च के दौरान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को भी हिरासत में लिया गया। राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे तक आंदोलन जारी रखने की बात कही है।

Congress workers protesting
भोपाल फायरिंग केस में नया खुलासा, डॉक्टर ने फिल्म दृश्यम-3 देखने के कुछ घंटे बाद एक्स गर्लफ्रेंड पर चलाई गोली

भाजपा ने कांग्रेस पर किया पलटवार

कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार संवैधानिक संस्थाओं और ईवीएम पर सवाल उठाती रही है। सारंग ने कांग्रेस से सवाल किया कि अगर निर्वाचन प्रक्रिया में गड़बड़ी है तो कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार कैसे बनी और राहुल गांधी व प्रियंका गांधी चुनाव कैसे जीते। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को बदनाम करने की राजनीति कर रहा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com