

दीपावली के बाद भोपाल में शक्कर, आटा और मैदा के दामों में गिरावट।
तुवर, चना और मूंग दाल के भाव बढ़ने से रसोई का बजट हो सकता है प्रभावित।
बेसन की कीमतों में 6 से 10 रुपये प्रति किलो तक की तेजी दर्ज की गई।
किशमिश और बादाम सस्ते हुए, जबकि काजू के भाव स्थिर बने हुए हैं।
Pulses and Gram Flour Price Hike Madhya Pradesh: दीपावली का त्योहार संपन्न होने के बाद अब मध्य प्रदेश में खाद्य वस्तुओं के दामों में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहे हैं। बाजार में कीमतों का मिला-जुला रुख सामने आ रहा है। कहीं दाम घटने से उपभोक्ताओं को राहत मिली है तो कहीं महंगाई ने रसोई का बजट बढ़ा दिया है।
शक्कर, आटा, मैदा और ड्राई फ्रूट्स के भाव में गिरावट आई है, जबकि तुवर, चना, उड़द और मूंग सहित अधिकांश दालें महंगी हुई हैं। बेसन के दामों में भी तेजी दर्ज की गई है। राजधानी भोपाल के व्यापारियों के मुताबिक, मांग और आवक के आधार पर बाजार में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है।
राजधानी भोपाल किराना व्यापारी महासंघ के महामंत्री विवेक साहू के मुताबिक, 1 नवंबर को शक्कर के भाव 61 रुपये प्रति किलो थे, जो कल यानी 13 नवंबर तक घटकर 58 रुपये रह गए हैं। शक्कर के दाम मे नरमी से बहुत राहत मिली है यानी और सीधे-सीधे एक किलो शक्कर पर 3 रुपये कम हुए हैं।
वहीं दूसरी तरफ तुवर दाल के भाव 80-138 रुपये से बढ़कर 90-150 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। साथ ही हरी मूंग दाल के दामों पर भी असर पड़ा है मूंग मोगर में 2 रुपये प्रति किलो की तेजी आई है। चना दाल के भाव भी 86-89 रुपये से बढ़कर 90-94 रुपये प्रति किलो हो गए हैं।
दीपावली के बाद ड्राई फ्रूट्स की कीमतों में भी नरमी देखने को मिली है। किशमिश की कीमत की बात करें तो दिवाली से पहले किशमिश 400-550 रुपये प्रति किलो चल रही थी लेकिन अब इसकी कीमत घटकर 350-500 रुपये प्रति किलो रह गई है। बादाम भी 850-1200 रुपये से घटकर 800-1100 रुपये प्रति किलो हो गया है। काजू के दाम में फिलहाल कोई बदलाव नहीं हुआ है और यह 850-1200 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। कारोबारियों के मुताबिक, ड्राई फ्रूट्स में करीब 5 से 10 प्रतिशत तक नरमी है।
आटा और मैदा की कीमतों में भी गिरावट देखने को मिली है। आटा 33.50-35 रुपये से घटकर 32-34 रुपये प्रति किलो और मैदा 36-37 रुपये से घटकर 34.50-35.50 रुपये प्रति किलो पर आ गया है। इसके उलट बेसन के भाव 92-95 रुपये से बढ़कर 98-105 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। यानी बेसन की कीमतों में 6 से 10 रुपये प्रति किलो तक की बढ़ोतरी हुई है।
व्यापारिक आकलन के अनुसार, मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में प्रतिदिन 120-130 टन शक्कर, 500-600 टन आटा और 90-110 टन दालों की खपत होती है। वहीं पूरे मध्य प्रदेश में रोजाना 4-5 हजार टन शक्कर, 15-20 हजार टन आटा और 2,833-3,667 टन दालों की खपत का अनुमान है। इसके अलावा प्रदेश में प्रतिदिन 1,200-1,500 टन मैदा और 1,167-1,667 टन बेसन की खपत होती है। ऐसे में दालों और बेसन की बढ़ती कीमतें आम लोगों के बजट को प्रभावित कर सकती हैं। आने वाले दिनों में नई फसल की आवक और मांग के आधार पर बाजार में भावों में बदलाव की संभावना है।