छतरपुर में सनसनी: बंद पड़ी पुलिस चौकी के अंदर फंदे से लटका मिला हेड कांस्टेबल का शव

Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में शुक्रवार सुबह एक बंद पड़ी पुलिस चौकी के अंदर हेड कांस्टेबल का शव लटका हुआ मिला। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
Chhatarpur Head Constable Tarun Gandharv Suicide Closed Police Outpost
हेड कांस्टेबल ने लगाई फांसी (सोर्स- प्रतीकात्म इमेज, सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Head Constable Suicide In Chhatarpur: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में शुक्रवार सुबह एक बंद पड़ी पुलिस चौकी के अंदर हेड कांस्टेबल का शव लटका हुआ मिला। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। इस घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

इस घटना की सूचना छतरपुर के नौगांव पुलिस थाने में दी गई थी। यह मामला शुक्रवार तड़के तब सामने आया, जब स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि एक सुनसान पड़ी चौकी की इमारत के अंदर किसी का शव लटका हुआ है। इसके बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची, शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी सामने आई कि जिस पुलिस चौकी में यह घटना हुई, वह पिछले कुछ समय से इस्तेमाल में नहीं थी। सड़क के ठीक दूसरी ओर एक नई पुलिस चौकी काम कर रही है।

सागर का रहने वाला था पुलिसकर्मी

मृतक की पहचान तरुण गंधर्व (35) के रूप में हुई। वह सागर जिले का रहने वाला था और फिलहाल नौगांव पुलिस थाने में तैनात था। घटना के समय हेड कांस्टेबल ड्यूटी पर नहीं था और उसने आम नागरिकों वाले कपड़े पहने हुए थे। फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और सबूत इकट्ठा किए।

मानसिक तनाव में ता हेड कांस्टेबल- नौगांव एसडीओपी

नौगांव एसडीओपी अमित मेश्राम ने बताया कि हेड कांस्टेबल मानसिक तनाव में था। शायद इसी कारण उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि, आत्महत्या के पीछे के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा। उन्होंने यह भी बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है और जांचकर्ता उन घटनाओं के क्रम का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं जिनके कारण यह घटना हुई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा मौत का कारण

एसडीओपी ने कहा कि पोस्ट मार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्पष्ट रूप से मौत के कारण सामने आ पाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला लग रहा है, लेकिन हम सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्थिति साफ हो जाएगी और उसी के अनुसार जांच आगे बढ़ेगी।

एजेंसी इनपुट के साथ...

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com