भोपाल फायरिंग केस में नया खुलासा, डॉक्टर ने फिल्म दृश्यम-3 देखने के कुछ घंटे बाद एक्स गर्लफ्रेंड पर चलाई गोली

Bhopal Firing News : भोपाल के पीजी डॉक्टर नवीन रोहिला फायरिंग केस में नया खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक वारदात से कुछ घंटे पहले नवीन दोस्तों के साथ ‘दृश्यम-3’ फिल्म देखने गया था।
Bhopal PG doctor firing case
फायरिंग करने वाला आरोपी डॉक्टर, घायल पीड़िता और उसका भाईफोटो सोर्स- नवभारत
Published on: 
Updated on: 

Bhopal PG Doctor Firing Case : भोपाल में पीजी डॉक्टर नवीन रोहिला द्वारा अपनी एक्स गर्लफ्रेंड डॉक्टर श्वेता ठाकुर पर फायरिंग के मामले में नया खुलासा हुआ है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि वारदात से कुछ घंटे पहले नवीन अपने दोस्तों के साथ ‘दृश्यम-3’ फिल्म देखने गया था।

फिल्म देखने के बाद वह रात करीब 9:30 बजे घर लौटा और अपनी मां से वीडियो कॉल पर बात भी की। इसके कुछ देर बाद वह श्वेता के फ्लैट पर पहुंचा, जहां दोनों के बीच विवाद हुआ और नवीन ने फायरिंग कर दी। पुलिस अब फिल्म देखने से लेकर वारदात तक की उसकी पूरी गतिविधियों को जांच का हिस्सा बना रही है।

‘दृश्यम-3’ देखने के बाद बदला घटनाक्रम

पुलिस जांच के मुताबिक, घटना वाले दिन नवीन की गतिविधियां सामान्य नजर आ रही थीं। वह दोस्तों के साथ ‘दृश्यम-3’ फिल्म देखने गया था। रात करीब 9:30 बजे घर लौटने के बाद उसने अपनी मां से वीडियो कॉल पर बातचीत की। इतना ही नहीं, उसने अपनी भतीजी के लिए राजगढ़ टॉय कार भी कूरियर की थी। परिवार के मुताबिक, वीडियो कॉल के दौरान उसके व्यवहार से ऐसा नहीं लगा कि वह कोई खौफनाक कदम उठाने वाला है। इसके कुछ ही देर बाद वह श्वेता के फ्लैट पर पहुंच गया।

फ्लैट पर विवाद के बाद तीन राउंड फायरिंग

फ्लैट पर पहुंचने के बाद नवीन और श्वेता के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बहस बढ़ने के बाद नवीन ने श्वेता पर तीन राउंड फायर कर दिए। गोली श्वेता की कनपटी को छूकर निकल गई, जिससे वह बाल-बाल बच गई। बीच-बचाव करने पहुंचे श्वेता के कजिन अभिषेक ठाकुर को भी गोली लग गई। घटना के बाद नवीन ने खुद भी फंदे से लटककर आत्महत्या की कोशिश की। वह गंभीर रूप से घायल हुआ और उसके सीने, हाथ और पेट पर छर्रे लगने जैसे घाव मिले हैं। फिलहाल उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है और सीटी स्कैन कराया जा रहा है।

सात साल से रिलेशनशिप में थे दोनों

भोपाल में फायरिंग के मामले में पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि नवीन मूल रूप से राजगढ़ का रहने वाला है और करीब सात साल से भोपाल के आरकेडीएफ मेडिकल कॉलेज में रहकर पढ़ाई कर रहा था। इसी दौरान उसकी मुलाकात श्वेता से हुई थी। दोनों करीब सात साल से रिलेशनशिप में थे। नवीन ने इसी संस्थान से बीएचएमएस की पढ़ाई पूरी की थी और फिलहाल पीजी सेकंड ईयर में था। पिछले कुछ समय से दोनों के रिश्ते में कड़वाहट आ गई थी और उनके बीच लगातार अनबन चल रही थी।

रिश्ता खत्म कर शादी करना चाहती थी श्वेता

जांच में यह बात भी सामने आई है कि श्वेता सात साल पुराने रिश्ते को खत्म कर किसी दूसरे युवक से शादी करना चाहती थी। नवीन इस फैसले को स्वीकार नहीं कर पा रहा था। श्वेता के दूसरे युवकों से बातचीत करने को लेकर भी वह रोक-टोक करता था। घटना वाले दिन दोनों के बीच फोन पर लंबी बहस हुई थी। इसके बाद नवीन गुस्से में श्वेता के फ्लैट पर पहुंचा था।

Bhopal PG doctor firing case
उज्जैन में 29 वर्षीय युवती की घर में संदिग्ध मौत, फांसी पर लटकी मिली लाश, कारण तलाशने में जुटी पुलिस

फिल्म से लेकर फायरिंग तक हर कड़ी खंगाल रही पुलिस

नवीन के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में उसकी मां, भाई और भाभी हैं। परिजनों का कहना है कि वीडियो कॉल पर बातचीत के दौरान उसके हाव-भाव सामान्य थे। अब भोपाल पुलिस नवीन और श्वेता के मोबाइल की कॉल डिटेल, चैट और घटना से पहले की गतिविधियों की जांच कर रही है। ‘दृश्यम-3’ देखने के बाद से लेकर श्वेता के फ्लैट पहुंचने तक नवीन किन लोगों के संपर्क में था और उसके व्यवहार में कोई बदलाव आया था या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com