राज्यसभा चुनाव: मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होने पर कांग्रेस पर बरसे CM, बोले- हार के डर से की गई गलती
Mohan Yadav Statement: राज्यसभा चुनाव में मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होने पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने इसे हार के डर और पार्टी की आंतरिक कलह का परिणाम बताया।
- Reported By: सुधीर दंडोतिया | Edited By: प्रीतेश जैन
मुख्यमंत्री मोहन यादव (फोटो सोर्स- नवभारत)
CM Mohan Yadav On Meenakshi Nomination: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र निरस्त होने के मुद्दे पर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। बुधवार को दिल्ली दौरे पर रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री ने राजधानी भोपाल स्थित गुफा मंदिर में पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। मंदिर से बाहर निकलने के बाद उन्होंने राज्यसभा चुनाव और कांग्रेस की स्थिति को लेकर कई राजनीतिक टिप्पणियां कीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होना केवल एक तकनीकी त्रुटि नहीं, बल्कि पार्टी की आंतरिक खींचतान और हार के डर का परिणाम है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के भीतर कई गुट इस सीट पर दावा कर रहे थे, जिसके कारण नामांकन प्रक्रिया में गंभीर लापरवाही हुई।
आपराधिक मामले की जानकारी ना देना बड़ी चूक
सीएम मोहन यादव ने कहा कि जब गांव स्तर पर पंच और सरपंच चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार भी अपना नामांकन पत्र पूरी सावधानी से भरते हैं, तब लंबे राजनीतिक अनुभव रखने वाले नेताओं द्वारा महत्वपूर्ण जानकारी छिपाना गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि राज्यसभा जैसे प्रतिष्ठित सदन के चुनाव में आपराधिक मामलों से संबंधित जानकारी का उल्लेख नहीं किया जाना एक बड़ी चूक है।
सम्बंधित ख़बरें
इंदौर में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई: 640 लीटर संदिग्ध घी जब्त, 21 खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे
आधी रात हो रही अवैध तस्करी…हथाईखेड़ा डैम में खुलेआम उड़ रहीं मत्स्य विभाग के नियमों की धज्जियां! देखें VIDEO
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद भोपाल में NSUI का जश्न… आखिर क्यों सड़क पर उतर आए छात्र? देखें VIDEO
ट्विशा शर्मा केस: रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को झटका, विशेष अदालत ने खारिज की जमानत याचिका
दूसरों को दोष देना उचित नहीं
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि निर्वाचन अधिकारी के समक्ष कांग्रेस के प्रतिनिधियों ने भी यह स्वीकार किया है कि मीनाक्षी नटराजन के नामांकन पत्र में आवश्यक जानकारी नहीं दी गई थी। उन्होंने कहा कि जब पार्टी स्वयं इस गलती को मान रही है तो इसके लिए दूसरों को दोष देना उचित नहीं है।
विधायकों को एकजुट रखने के लिए संघर्ष कर रही कांग्रेस
कांग्रेस की आंतरिक स्थिति पर टिप्पणी करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी अपने ही विधायकों को एकजुट रखने के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को अपने विधायकों पर भरोसा नहीं था, इसलिए उन्हें विभिन्न स्थानों पर ले जाकर रखा जा रहा था। यह स्थिति पार्टी की संगठनात्मक कमजोरी को दर्शाती है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सफलता की कामना की
इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जनकल्याण और राष्ट्रीय हित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है तथा उनके नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ी है। मुख्यमंत्री ने बाबा महाकाल से प्रार्थना करते हुए कहा कि वर्ष 2029 में भी प्रधानमंत्री मोदी को सफलता प्राप्त हो।
ये भी पढ़ें : क्या मीनाक्षी नटराजन को अपनों से मिला धोखा? नामांकन रद्द होने के बाद दावा- पार्टी से ही लीक हुई थी अहम जानकारी
जमीनी कार्यकर्ताओं को बड़े अवसर देती है कांग्रेस
अंत में मुख्यमंत्री ने भाजपा की कार्यप्रणाली की प्रशंसा करते हुए कहा कि पार्टी सामान्य और जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं को भी बड़े अवसर देती है। उन्होंने महेश केवट का उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा में कार्यकर्ता की मेहनत और समर्पण का सम्मान किया जाता है तथा पार्टी पूरी मजबूती के साथ चुनावी मैदान में उतर रही है।
