Rameshwar Sharma Statement: भोपाल में किसान आंदोलन को लेकर कांग्रेस नेताओं पर दर्ज FIR के मामले में बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने कांग्रेस और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पर तीखा हमला बोला।
रामेश्वर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस अब सड़कों पर आंदोलन नहीं कर रही, बल्कि पूरी कांग्रेस ही सड़क पर आ गई है। उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि उमंग सिंघार कौन से प्रदर्शन में थे, दिग्विजय सिंह और कमलनाथ किस आंदोलन में शामिल हुए, अरुण यादव कहां थे?
बीजेपी विधायक ने आरोप लगाया कि जीतू पटवारी पार्टी के अंदरूनी संघर्ष और अपनी राजनीतिक स्थिति बचाने के लिए इस तरह के आंदोलनों की रणनीति बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता खुद पटवारी से दूरी बना रहे हैं और उनकी बुलाई बैठकों में जाने से भी कतराते हैं।
रामेश्वर शर्मा ने आगे कहा कि कांग्रेस में बचे हुए नेताओं का भी अपमान किया गया, जिसके कारण पार्टी के भीतर असंतोष बढ़ा है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस संगठन पूरी तरह बिखर चुका है और जनता के मुद्दों पर गंभीर राजनीति करने के बजाय केवल प्रदर्शन की राजनीति कर रहा है।
ये भी पढ़ें : FIR on Congress Leaders MP: हाईवे जाम करने पर कांग्रेस नेताओं पर FIR, 26 विधायकों सहित 600 से अधिक पर केस
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में 7 मई को प्रदेश के 11 जिलों में नेशनल हाईवे 52 पर चक्काजाम का आयोजन किया गया था। ऐसे में पुलिस ने प्रदेश के 2 दर्जन से ज्यादा विधायकों और सैकड़ों नेताओं पर FIR दर्ज की है, जिसको लेकर बीजेपी और कांग्रेस नेता आमने-सामने आ गए हैं।