पन्नालाल शाक्य के बयान पर उमंग सिंघार का हमला, पूछा- आदिवासी पहचान नकारने वाले विधायक पर कब होगी कार्रवाई?

Umang Singhar Demands Action Against Pannalal Shakya: पन्नालाल शाक्य के देश में कोई आदिवासी नहीं वाले बयान पर उमंग सिंघार ने सरकार को घेरा। मुख्यमंत्री मोहन यादव से पूछा कि विधायक पर कार्रवाई कब होगी?
umang singhar
उमंग सिंघार ने पन्नालाल शाक्य पर कार्रवाई की मांग कीफोटो सोर्स- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • पन्नालाल शाक्य के बयान पर उमंग सिंघार ने भाजपा सरकार को घेरा।

  • गुना विधायक ने जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में कहा था- देश में कोई आदिवासी नहीं है।

  • सिंघार ने X पर वीडियो पोस्ट कर मुख्यमंत्री मोहन यादव से कार्रवाई की मांग की।

BJP MLA Pannalal Shakya Tribal Statement Controversy : मध्य प्रदेश में आदिवासी पहचान को लेकर भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य के बयान पर सियासी विवाद बढ़ गया है। गुना विधायक के बयान का वीडियो सामने आने के बाद नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है।

सिंघार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वीडियो पोस्ट करते हुए भाजपा सरकार से सवाल किया कि आदिवासी समाज की अस्मिता को ठेस पहुंचाने वाले विधायक पर सरकार कब सख्त कार्रवाई करेगी?

सिंघार ने भाजपा पर लगाया दोहरे रवैये का आरोप

उमंग सिंघार ने अपनी पोस्ट में कहा कि जनजातीय गौरव दिवस पर भाजपा विधायक का बयान पार्टी की आदिवासी-विरोधी मानसिकता को उजागर करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा एक तरफ जनजातीय गौरव दिवस मनाकर आदिवासी समाज के नाम पर राजनीति करती है, वहीं दूसरी तरफ उसके विधायक आदिवासी समाज की पहचान को ही नकार रहे हैं। सिंघार ने कहा कि आदिवासी समाज भाजपा के राजनीतिक दिखावे का हिस्सा नहीं, बल्कि अपने अधिकार, स्वाभिमान और पहचान के लिए संघर्ष करने वाला समाज है।

पन्नालाल शाक्य ने क्या कहा था?

विवाद गुना में बिरसा मुंडा जयंती पर आयोजित जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में विधायक पन्नालाल शाक्य के संबोधन से शुरू हुआ। उन्होंने कहा था कि देश में कोई आदिवासी नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि समाज को अलग-अलग पहचान और वर्गों में बांटने की जरूरत क्यों है। उनके बयान के बाद आदिवासी पहचान और सामाजिक वर्गीकरण को लेकर बहस शुरू हो गई।

गिरवासी, वनवासी और ग्रामवासी का दिया उदाहरण

अपने भाषण में विधायक पन्नालाल शाक्य ने समाज को रहने के स्थान के आधार पर चार हिस्सों में बांटने की बात कही। उन्होंने पहाड़ों पर रहने वालों को गिरवासी, जंगलों में रहने वालों को वनवासी, गांवों में रहने वालों को ग्रामवासी और शहरों में रहने वालों को नगरवासी बताया। उन्होंने आदिवासी, पुरावासी, जनजाति और अनुसूचित जाति जैसी पहचानों के साथ अगड़े-पिछड़े के वर्गीकरण पर भी सवाल उठाए।

umang singhar
आदिवासी गौरव दिवस के मंच से गुना विधायक पन्नालाल शाक्य का बड़ा बयान, कहा - देश में कोई आदिवासी नहीं

'तुम आदिवासी हो तो फिर हम क्या हैं?'

विधायक ने अपने संबोधन में कहा कि कुछ लोग समाज में यह अंतर पैदा कर रहे हैं कि वे आदिवासी हैं और बाकी नहीं। उन्होंने सवाल किया कि क्या दूसरे लोग बाहर से आए हैं? सामाजिक एकता की बात रखते हुए उन्होंने घरों, शादियों और सार्वजनिक कार्यक्रमों में गणेश स्थापना का उदाहरण भी दिया। अब उमंग सिंघार ने इसी बयान को लेकर सरकार से जवाब और विधायक पर कार्रवाई की मांग की है।