PM मोदी और CM मोहन की अपील बेअसर, 200 गाड़ियों का काफिला लेकर भोपाल पहुंचे BJP नेता, जाम में फंसे रहे लोग

200 Cars Convoy in Bhopal: मप्र पाठ्यपुस्तक निगम के नवनियुक्त अध्यक्ष सौभाग्य सिंह ठाकुर पदभार ग्रहण करने 200 गाड़ियों के काफिले के साथ भोपाल पहुंचे। रास्ते में कई जगहों पर जाम से लोग परेशान हुए।
BJP Leader Convoy News
बीजेपी नेता और उनका काफिला (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

BJP Leader Convoy News: एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशवासियों से पेट्रोल-डीजल बचाने और सादगी अपनाने की अपील कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ मध्य प्रदेश में बीजेपी नेताओं के काफिले चर्चा का विषय बन गए हैं। मप्र पाठ्यपुस्तक निगम के नवनियुक्त अध्यक्ष सौभाग्य सिंह ठाकुर पदभार ग्रहण करने सोमवार को उज्जैन से करीब 200 से ज्यादा गाड़ियों के काफिले के साथ भोपाल पहुंचे।

भोपाल पहुंचने पर उन्होंने बीजेपी प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी के साथ पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। लेकिन इस दौरान शहर की सड़कों पर भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई।

घंटों जाम में फंसे रहे लोग

सौभाग्य सिंह के 200 गाड़ियों के काफिले की वजह से उज्जैन से भोपाल तक हाईवे पर कई जगह यातायात प्रभावित रहा। भीषण गर्मी में घंटों जाम लगने से आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और यात्रियों को गर्मी के बीच लंबे इंतजार से दिक्कत हुई।

भोपाल में भी धीमा पड़ा ट्रैफिक

भोपाल में बोर्ड ऑफिस चौराहा, डीबी मॉल और अरेरा हिल्स इलाके में भी ट्रैफिक धीमा पड़ गया। बताया जा रहा है कि रास्ते में कई जगह काफिले की गाड़ियों की अन्य वाहनों से हल्की टक्कर भी हुई। ट्रैफिक पुलिस को व्यवस्था संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

PM मोदी ने की थी ईंधन बचाने की अपील

10 मई को हैदराबाद में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक परिस्थितियों और इजराइल-ईरान तनाव का जिक्र करते हुए लोगों से ईंधन की बचत करने की अपील की थी। उन्होंने गैरजरूरी विदेश यात्राएं टालने, एक साल तक सोना न खरीदने और पब्लिक ट्रांसपोर्ट अपनाने की सलाह दी थी।

PM और CM की अपील बेअसर

इधर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी सोमवार को कैबिनेट बैठक में मंत्रियों से कहा था कि वे जनता को प्रधानमंत्री की अपील का पालन करने के लिए प्रेरित करें, लेकिन बीजेपी नेताओं पर पीएम और सीएम की अपील का कोई असर होता नहीं दिख रहा है।

Navbharat Live
navbharatlive.com