

भोपाल में विदेशी छात्रा को बंधक बनाकर दुष्कर्म और मारपीट करने का आरोप।
पीड़िता की शिकायत पर विदेशी महिला और युवक हुआ गिरफ्तार।
आरोपियों पर पासपोर्ट, वीजा और मोबाइल फोन छीनने का भी लगा आरोप।
Foreign Student Assault Case Bhopal: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से विदेशी छात्रा को बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म और मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। तंजानिया की 24 वर्षीय छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने एक विदेशी महिला और युवक को गिरफ्तार किया है।
पीड़िता ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की, जबरन शारीरिक संबंध बनाए और उसका पासपोर्ट, वीजा और मोबाइल फोन छीनकर उसे कमरे में बंद कर दिया था।
मामले में राजधानी भोपाल की पुलिस को पीड़िता की भाषा समझने में काफी परेशानी हुई। ऐसे में युवती की बात समझने के लिए एआई चैट जीपीटी की मदद ली गई। अनुवाद के बाद युवती ने पुलिस को अपनी आपबीती बताई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई की।
भोपाल पुलिस के अनुसार, देर रात पड़ोसियों ने एक मकान में महिला के रोने की जानकारी पुलिस को दी थी। जिसके आधार पर कोलार रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची उन्होंने वहां मौजूद महिला और पुरुष ने पुलिस को बताया कि यह उनका आपसी मामला है और बातचीत चल रही है। इसके बाद पुलिस वापस लौट गई। हालांकि, अगले दिन फिर आसपास के लोगों ने महिला के रोने और चिल्लाने की सूचना पुलिस को दी। पुलिस दोबारा मौके पर पहुंची तो विदेशी युवती परेशान हालत में मिली। पुलिस उसे अपने साथ सुरक्षित थाने लेकर पहुंची, जहां उसकी शिकायत और बयान दर्ज किए गए।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह तंजानिया की रहने वाली है और भोपाल में अपनी एक दोस्त के कांटेक्ट में आई थी। महिला ने उसे नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। आरोप है कि बाद में उसके साथ दुर्व्यवहार किया जाने लगा और उसे कमरे में बंद करके रखा गया।
युवती ने गंभीर आरोप लगाया कि 24 नवंबर की शाम एक विदेशी युवक ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। जब उसने महिला मित्र को इसकी जानकारी दी, तो उसने भी युवक का पक्ष लिया। इसके बाद दोनों ने उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की।
पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने उसका पासपोर्ट, वीजा और मोबाइल फोन अपने पास रख लिया। उसे किसी से संपर्क नहीं करने दिया जाता था और जब वह इन सबका विरोध करती तब उसे वापस तंजानिया नहीं लौट पाने की धमकी भी दी जाती थी। शिकायत में युवती ने 27 नवंबर को भी युवक द्वारा जबरन शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश और मारपीट का आरोप लगाया है। इस दौरान महिला मित्र के भी पहुंचने और मारपीट में शामिल होने का आरोप लगाया गया है।
पुलिस ने मामले में महिला आरोपी अमिदा उर्फ शेरी निवासी युगांडा और पुरुष आरोपी चेरनो बल्देह उर्फ अबू निवासी जांबिया को गिरफ्तार किया है। कोलार रोड थाना पुलिस ने 28 नवंबर को अपराध दर्ज कर बीएनएस की धारा 64(1), 115(2), 127(2), 296(b) और 3(5) के तहत कार्रवाई की है।