बेटे को वश में करने का झांसा देकर मां से 1 करोड़ की ठगी, तांत्रिक भाई-बहन ने हड़पे सोने-चांदी के जेवर

Bhopal Tantrik Fraud: भोपाल में बेटे को वश में करने और गृहशांति का झांसा देकर 55 वर्षीय महिला से करीब एक करोड़ रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नकदी ठगने का आरोप है। क्राइम ब्रांच ने केस दर्ज किया है।
बेटे को वश में करने का झांसा देकर मां से 1 करोड़ की ठगी, तांत्रिक भाई-बहन ने हड़पे सोने-चांदी के जेवर
तांत्रिक भाई-बहन और उनके साथीSource- Social Media
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • भोपाल में 55 वर्षीय महिला से तंत्र-मंत्र के नाम पर करीब एक करोड़ रुपये की ठगी का आरोप।

  • महिला से 625 ग्राम सोना, 500 ग्राम चांदी और लाखों रुपये नकद व ऑनलाइन लिए गए।

  • क्राइम ब्रांच ने तांत्रिक भाई-बहन आशा यादव और मुकेश यादव के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की।

Bhopal Tantrik Fraud Case: राजधानी भोपाल में अंधविश्वास और पारिवारिक परेशानी का फायदा उठाकर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। साकेत नगर में रहने वाली 55 वर्षीय महिला को बेटे को वश में करने और परिवार में फिर से खुशहाली लाने का झांसा देकर कथित तौर पर करीब एक करोड़ रुपये की चपत लगाई गई।

आरोप है कि तंत्र-मंत्र के नाम पर महिला से 625 ग्राम सोना, 500 ग्राम चांदी और लाखों रुपये नकद व ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए गए। मामले में भोपाल क्राइम ब्रांच ने तांत्रिक भाई-बहन के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

परिचित के जरिए पहुंची तांत्रिक भाई-बहन तक

भोपाल क्राइम ब्रांच में दर्ज शिकायत के मुताबिक, पुरुषोत्तम शर्मा की पत्नी राजेश्वरी शर्मा की पहचान मोहल्ले की परिचित गौरी सिंह के माध्यम से आशा यादव से हुई थी। आशा ने बताया कि उसका भाई मुकेश यादव तंत्र-मंत्र और गृहशांति का काम करता है।

उस समय शर्मा दंपती का बेटा परिवार से अलग रह रहा था। बेटे को वापस घर लाने और परिवार को एकजुट करने की उम्मीद में राजेश्वरी का आशा के घर आना-जाना शुरू हो गया। इसी दौरान आरोपियों ने उन्हें तंत्र-मंत्र और गृहशांति के नाम पर अपने झांसे में लेना शुरू किया।

मई 2025 से शुरू हुआ ठगी का सिलसिला

पुलिस शिकायत के मुताबिक, 25 मई 2025 से आरोपियों ने गृहशांति और तांत्रिक क्रियाओं के नाम पर रुपये लेना शुरू किया। महिला से अलग-अलग किस्तों में रकम और जेवर लिए गए।

बेटे को वश में करने का झांसा देकर मां से 1 करोड़ की ठगी, तांत्रिक भाई-बहन ने हड़पे सोने-चांदी के जेवर
भोपाल में करवाचौथ पर पार्लर नहीं ले गया पति, पत्नी ने की खुदकुशी, सुसाइड नोट में लिखा- थैंक्यू हसबैंड, खुश रहो

आरोप है कि महिला ने फोन-पे के जरिए करीब 7 लाख 16 हजार रुपये ट्रांसफर किए, जबकि 12 लाख 54 हजार रुपये नकद दिए। इसके अलावा 625 ग्राम सोने और 500 ग्राम चांदी के जेवर भी आरोपियों को सौंप दिए। इस तरह नकदी और जेवर मिलाकर ठगी की कुल कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है।

ज्वेलर के फोन से खुला ठगी का राज

इस पूरे मामले का खुलासा 29 सितंबर को हुआ, जब बिट्टन मार्केट के एक ज्वेलर ने पुरुषोत्तम शर्मा को फोन किया। ज्वेलर ने बताया कि आशा यादव ने उसकी दुकान से करीब 17 लाख रुपये का सोना खरीदा था। इसमें 5 लाख रुपये नकद दिए गए थे, जबकि बाकी रकम के भुगतान के लिए दिया गया चेक बाउंस हो गया।

ज्वेलर के फोन के बाद पुरुषोत्तम शर्मा ने अपनी पत्नी से पूछताछ की। इसके बाद तंत्र-मंत्र के नाम पर चल रही कथित ठगी का पूरा मामला सामने आया।

बेटे को वश में करने का झांसा देकर मां से 1 करोड़ की ठगी, तांत्रिक भाई-बहन ने हड़पे सोने-चांदी के जेवर
नवभारत के स्टिंग ऑपरेशन में खुलासा: भोपाल RTO में चल रही दलालों की मनमानी, सवालों से बचते नजर आए अधिकारी

क्राइम ब्रांच ने दर्ज किया केस

मामले की शिकायत मिलने के बाद भोपाल क्राइम ब्रांच ने आशा यादव और उसके भाई मुकेश यादव के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र का मामला दर्ज किया है। पुलिस को आरोपियों से जुड़े 8 चेक, 6 एटीएम कार्ड और अन्य दस्तावेज भी सौंपे गए हैं।

अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपियों ने ठगी गई रकम और जेवर कहां खपाए। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति शामिल है या नहीं।