राम मंदिर चंदा विवाद पर गर्माई MP की सियासत, भोपाल में पोस्टर वॉर, कांग्रेस ने बीजेपी पर साधा निशाना
Bhopal Political News : राम मंदिर दान विवाद को लेकर भोपाल में पोस्टर वॉर तेज हो गया है। कांग्रेस ने बीजेपी पर निशाना साधा, जबकि भाजपा ने इसे राजनीतिक हताशा बताया। अब यह सियासी बहस का केंद्र बन गया है।
- Reported By: शिवम दत्त तिवारी | Edited By: प्रीतेश जैन
कांग्रेस का पोस्टर (फोटो सोर्स- नवभारत)
Ram Mandir Donation Controversy Bhopal: अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में चढ़ावे और दान राशि को लेकर चल रही बहस अब मध्य प्रदेश की राजनीति में भी पहुंच गई है। राजधानी भोपाल में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर लगाए गए एक पोस्टर ने सियासी माहौल गर्मा दिया है। इस पोस्टर में भारतीय जनता पार्टी पर सीधा निशाना साधते हुए कई तीखे सवाल उठाए गए हैं।
पोस्टर में लिखा गया है कि “बीजेपी ने राम को चुनावी एजेंडा और मंदिर को कमाई का अड्डा बनाया”। साथ ही यह सवाल भी किया गया है कि “राम मंदिर में कथित लूट का जिम्मेदार कौन है?” जैसे ही यह पोस्टर सामने आया, प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।
वित्तीय व्यवस्था में पारदर्शिता जरूरी
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि राम मंदिर से जुड़े दान और वित्तीय व्यवस्था में पारदर्शिता जरूरी है। उनका कहना है कि श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस विषय पर किसी भी प्रकार का संदेह नहीं रहना चाहिए और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। वहीं दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी ने इस पोस्टर को कांग्रेस की राजनीतिक हताशा करार देते हुए कहा है कि कांग्रेस आस्था के मुद्दे को राजनीतिक रंग देने का प्रयास कर रही है।
सम्बंधित ख़बरें
MP में रोजगार के लिए नवाचारों पर जोर; पर्यटन और कुटीर उद्योगों से युवाओं को जोड़कर बढ़ेंगे स्वरोजगार के अवसर
यूसीसी पर बोले रामेश्वर शर्मा: बेटियों की सुरक्षा और समान अधिकारों का कानून, कांग्रेस पर साधा निशाना
उज्जैन में बड़ा हादसा: दो मंजिला मकान ढहा, 15 वर्षीय किशोर की मौत, 5 लोग गंभीर रूप से घायल
ग्वालियर के थाटीपुर में दर्दनाक हादसा: कमरे में जिंदा जलकर युवक की मौत, शराब पीते समय लगी आग
राम मंदिर भाजपा का एजेंडा
इस बीच एक दिलचस्प पहलू भी सामने आया है। कांग्रेस कार्यालय के बाहर लगे पोस्टर पर प्रतिक्रिया देते हुए जब मीडिया ने मौके पर मौजूद एक भाजपा पदाधिकारी से बात की, तो उन्होंने भी राम मंदिर को भाजपा का एजेंडा बताया। इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा शुरू हो गई है। कांग्रेस का कहना है कि जब भाजपा स्वयं राम मंदिर को अपना एजेंडा बता रही है, तो कांग्रेस के पोस्टर में लगाए गए आरोपों को लेकर पार्टी का रुख क्या है।
दान में हेरफेर को लेकर चल रही है जांच
गौरतलब है कि अयोध्या स्थित राम मंदिर के चढ़ावे और दान राशि में हेरफेर को लेकर पहले से ही उत्तर प्रदेश में SIT जांच चल रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी कहा है कि यदि किसी के पास कोई ठोस सबूत है तो उसे जांच एजेंसियों को सौंपा जाए और जांच पूरी होने का इंतजार किया जाए।
ये भी पढ़ें : मध्य प्रदेश शिक्षक ट्रांसफर: विवाह प्रमाण पत्र की अनिवार्यता खत्म, अब वैकल्पिक दस्तावेज भी मान्य
राजनीति का केंद्र बना ये मुद्दा
भोपाल में पोस्टर वॉर के बाद यह मुद्दा अब केवल धार्मिक संस्थानों की पारदर्शिता तक सीमित नहीं रहा, बल्कि मध्य प्रदेश की राजनीति का एक नया केंद्र बन गया है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर भाजपा और कांग्रेस के बीच बयानबाजी और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।
