

Highlights:
भोपाल ISBT पर DRI ने 7.32 करोड़ रुपये की मेथाम्फेटामाइन जब्त की।
दिल्ली से आए युवक के दो ट्रॉली बैग में 11 पैकेट मिले।
सलवार सूट की पैकिंग के अंदर छिपाकर रखी थी 9.139 किलो ड्रग्स।
14 अक्टूबर को इसी बस टर्मिनल पर 2.08 करोड़ रुपये की एम्फेटामाइन जब्त हुई थी।
छह दिन में दूसरी बड़ी जब्ती के बाद ISBT पर तस्करी रोकने की व्यवस्था को लेकर सवाल उठे।
Bhopal ISBT Drug Seizure : भोपाल के इंटर-स्टेट बस टर्मिनस (ISBT) पर डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने 7.32 करोड़ रुपये कीमत की 9.139 किलोग्राम मेथाम्फेटामाइन ड्रग्स जब्त की है। इस मामले में दिल्ली से बस में आए एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी दो ट्रॉली बैग में सलवार सूट के पैकेटों के अंदर ड्रग्स छिपाकर ले जा रहा था। खास बात यह है कि इसी बस टर्मिनल पर छह दिन के भीतर ड्रग्स जब्ती की यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है।
DRI को सूचना मिली थी कि दिल्ली से बस में आ रहे एक यात्री के पास नशीले पदार्थ हैं। इसके बाद अधिकारियों ने मंगलवार तड़के भोपाल के ISBT पर यात्री को रोका। उसके दो मध्यम आकार के ट्रॉली बैग की तलाशी लेने पर सलवार सूट की पैकिंग के अंदर छिपाए गए 11 प्लास्टिक पैकेट मिले। इनमें क्रिस्टलीय मेथाम्फेटामाइन भरी हुई थी। जब्त ड्रग्स का कुल वजन 9.139 किलोग्राम और कीमत 7.32 करोड़ रुपये बताई गई है।
DRI अधिकारियों ने नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) फील्ड टेस्ट किट से सभी 11 पैकेटों की जांच की। जांच में इनमें मेथाम्फेटामाइन होने की पुष्टि हुई। इसके बाद ड्रग्स जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
भोपाल ISBT पर इससे पहले 14 अक्टूबर को भी DRI ने नशीले पदार्थों की बड़ी खेप पकड़ी थी। उस दौरान दिल्ली से बेंगलुरु जा रही बस में सवार एक नाइजीरियाई महिला को 2.604 किलोग्राम एम्फेटामाइन के साथ गिरफ्तार किया गया था। जब्त ड्रग्स की कीमत 2.08 करोड़ रुपये बताई गई थी। भोपाल में ड्रग्स जब्त होने के बाद बस टर्मिनल पर नशीले पदार्थों की तस्करी को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
भोपाल ISBT पर छह दिन के भीतर करोड़ों रुपये की ड्रग्स की दो बड़ी खेप पकड़े जाने से यह सवाल उठ रहा है कि कहीं यह तस्करों के लिए अहम सेंटर पॉइंट तो नहीं बन रहा। बस टर्मिनल पर 24 घंटे यात्रियों की आवाजाही और भीड़ के बीच सामान की अदला-बदली की आशंका सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से चिंता का विषय है।