

भोपाल और इंदौर मेट्रो में सफर करने वालों को 11 अक्टूबर से मिलेगा डिस्काउंट।
ग्रुप टिकट के नियमों में भी बदलाव, अब दो लोग भी ग्रुप टिकट ले सकेंगे।
ग्रुप टिकट पर मिलने वाली छूट को बढ़ाकर किया गया 35 प्रतिशत।
भोपाल और इंदौर मेट्रो में सफर करने वालों को 11 अक्टूबर से टिकट पर अतिरिक्त छूट मिलेगी। मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने त्योहारों के दौरान यात्रियों को राहत देने के लिए 31 दिसंबर 2026 तक विशेष छूट देने का फैसला किया है।
इसके तहत सिंगल जर्नी टिकट पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त छूट मिलेगी। वहीं, रिटर्न टिकट पर कुल 30 प्रतिशत और ग्रुप टिकट पर 35 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।
नई व्यवस्था में ग्रुप टिकट लेने की शर्त भी आसान की गई है। पहले इसके लिए कम से कम आठ यात्रियों का होना जरूरी था, लेकिन अब दो लोग भी ग्रुप टिकट ले सकेंगे। इससे परिवार और दोस्तों के साथ मेट्रो में सफर करने वालों को फायदा मिल सकता है। हालांकि, 20 रुपये के सिंगल जर्नी टिकट पर अतिरिक्त 25 प्रतिशत छूट लागू नहीं होगी।
त्योहारों और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए, 11 अक्टूबर से इंदौर व राजधानी भोपाल में मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों के लिए विशेष प्रमोशनल छूट की शुरुआत की जा रही है, जो 31 दिसंबर तक लागू रहेगी। इस नई व्यवस्था के तहत यात्रियों को निम्नलिखित लाभ मिलेंगे:
सिंगल जर्नी टिकट: टिकट पर 25 प्रतिशत की अतिरिक्त छूट दी जाएगी (हालांकि, 20 रुपये के सिंगल जर्नी टिकट पर यह अतिरिक्त छूट लागू नहीं होगी)।
रिटर्न जर्नी टिकट: पहले मिलने वाली 5 प्रतिशत छूट के स्थान पर अब यात्रियों को कुल 30 प्रतिशत की छूट मिलेगी।
ग्रुप टिकट के नियमों में ढील: अब ग्रुप टिकट का लाभ उठाने के लिए कम से कम 2 यात्रियों का होना ही पर्याप्त होगा (पहले यह नियम 8 लोगों के लिए था)। इसके साथ ही ग्रुप टिकट पर मिलने वाली छूट को 10 प्रतिशत से बढ़ाकर कुल 35 प्रतिशत कर दिया गया है।
एमपीएमआरसीएल (MPMRCL) मोबाइल ऐप के माध्यम से ई-वॉलेट रिचार्ज करने वाले यात्रियों को पहले से ही रिचार्ज राशि के अनुसार 8% से 15% तक का बोनस मिल रहा है:
200 से 499 रुपये तक का रिचार्ज: 8% बोनस
500 से 999 रुपये तक का रिचार्ज: 10% बोनस
1,000 से 1,499 रुपये तक का रिचार्ज: 12% बोनस
1,500 से 2,000 रुपये तक का रिचार्ज: 15% बोनस
मौजूदा ई-वॉलेट बोनस सुविधा और नई प्रमोशनल टिकट छूट का एक साथ लाभ मिलने से यात्रियों को किराए पर लगभग 44 प्रतिशत तक की अधिकतम बचत प्राप्त होगी।