

Highlights:
रिटायर्ड IAS राकेश अग्रवाल का हत्यारा एक्स गर्लफ्रेंड की भी हत्या करना चाहता था।
ब्रेकअप के बाद दूसरों के मोबाइल से युवती को इंस्टाग्राम पर देता था गालियां।
आरोपी को 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया।
अग्रवाल की हत्या की वजह अब तक साफ नहीं।
Bhopal IAS Rakesh Agrawal Murder Case : भोपाल में रिटायर्ड IAS अधिकारी राकेश अग्रवाल की हत्या के आरोपी केयरटेकर वरुण बाल्मीकि को लेकर चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि वरुण सिर्फ राकेश अग्रवाल से ही नाराज नहीं था, बल्कि ब्रेकअप के बाद आगरा में रहने वाली अपनी एक्स गर्लफ्रेंड की हत्या करने की फिराक में भी था।
आरोपी लगातार उससे संपर्क करने की कोशिश कर रहा था और दूसरों के मोबाइल फोन से उसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर गालियां पोस्ट करता था। इसी वजह से युवती उससे छिपकर रह रही थी। उधर, रिटायर्ड IAS की हत्या की असली वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। आरोपी को कोर्ट ने सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है।
भोपाल पुलिस के मुताबिक, वरुण का आगरा में रहने वाली युवती से प्रेम संबंध था, लेकिन दोनों के बीच ब्रेकअप हो गया था। इसके बाद वह युवती से नाराज रहने लगा। आरोप है कि वह उसकी हत्या करने की योजना बना रहा था। वरुण अपना मोबाइल फोन बेच चुका था, इसलिए वह दूसरे लोगों के फोन का इस्तेमाल कर इंस्टाग्राम पर युवती के लिए गालियां पोस्ट करता था।
जांच में हत्या के बाद की एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, राकेश अग्रवाल की हत्या करने के बाद वरुण ने घर में रखे दो गैस सिलेंडरों के रेगुलेटर खोल दिए थे। उसने कपड़ों पर प्रेस रखकर उसका स्विच भी चालू कर दिया था। आशंका है कि वह घर में आग लगाकर विस्फोट कराना चाहता था, ताकि वारदात से जुड़े सबूत नष्ट हो सकें। गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने पुलिस से पूछा था कि घर में धमाका हुआ या नहीं।
आगरा से गिरफ्तारी के बाद भोपाल लाते समय मुगलिया छाप के पास पुलिस टीम रुकी थी। पुलिस के मुताबिक, वरुण ने टॉयलेट जाने के दौरान पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर भागने की कोशिश की। एसआई रमेश सिंह ने उसे रुकने की चेतावनी दी, लेकिन वह नहीं रुका। इसके बाद पुलिस ने गोली चलाई, जो उसके दाहिने पैर की पिंडली में लगी। घायल आरोपी को हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गिरफ्तारी के बाद उसके हंसने की बात भी सामने आई है।
रातीबड़ थाना क्षेत्र के सूरज नगर में 29-30 सितंबर की दरमियानी रात रिटायर्ड IAS राकेश अग्रवाल की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। हत्या का आरोप केयरटेकर वरुण पर लगा, जो वारदात के बाद से फरार था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी हंसता रहा। पूछताछ में उसने हत्या की वजह नाराजगी और दुर्भावना बताई है, लेकिन अब तक वजह साफ नहीं हुई है।