भोपाल की मंडियों में रेड, प्रशासन ने जब्त किया फलों को पकाने वाला रिपनर, जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई

Bhopal News: तरबूज और आम को केमिकल से पकाने की शिकायतों पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने करोंद बड़ी कार्रवाई की है। कई दुकानों से एथिलीन रिपनर और फलों के सैंपल जब्त कर जांच के लिए लैब भेजे गए हैं।
Bhopal Food Safety Department Raids Karond Mandi Seizes Chemical Ripeners And Mango Samples
भोपाल की मंडियों में रेड (प्रतीकात्मक इमेज, सोर्स- एआई जनरेटेड)
Published on: 
Updated on: 

Bhopal Fruit Market Raid: शहर में भीषण गर्मी के बीच तरबूज, खरबूज और आम जैसे फलों की मांग तेजी से बढ़ रही है। मांग अधिक होने पर कई बड़े कारोबारी फलों को जल्दी पकाने के लिए केमिकल रिपनर का इस्तेमाल कर रहे हैं, जो स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है।

इसी को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए मध्य प्रदेश की राजधानी के करोंद मंडी, लालघाटी और मिनाल रेजीडेंसी क्षेत्र से फलों और केमिकल रिपनर के नमूने जब्त किए। इन नमूनों को जांच के लिए लैब भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद विभाग आगे की कार्रवाई करेगा।

कलेक्टर के निर्देश पर एक के बाद एक कार्रवाई

जानकारी के मुताबिक कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम शहरभर में लगातार औचक निरीक्षण और सैंपलिंग की कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में मंगलवार को खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों की अलग-अलग टीमों ने लालघाटी स्थित दांगी फल-सब्जी विक्रेता और करोंद फल-सब्जी मंडी की एक दर्जन से ज्यादा दुकानों पर जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान फलों को कृत्रिम रूप से पकाने में इस्तेमाल किए जाने वाले संदिग्ध रसायनों के साथ आम, तरबूज और खरबूज के सर्विलांस एवं जांच नमूने लिए गए।

करोंद फल मंडी से लिए गए सैंपल

टीम ने राजधानी भोपाल की करोंद फल मंडी स्थित दुकान नंबर 18 ‘सईद फ्रूट कंपनी’ के संचालक मोहम्मद सईद की दुकान पर खाद्य सुरक्षा सर्विलांस फूड प्लान के तहत औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान यहां फलों को कृत्रिम रूप से पकाने में इस्तेमाल किए जा रहे एथिलीन रिपनर को जब्त किया गया। वहीं, फलों के कृत्रिम रूप से पकाए जाने की आशंका के चलते आम के नमूने भी जांच के लिए जब्त किए गए।

रिपोर्ट आने के बाद होगी नियमानुसार कार्रवाई

इसी क्रम में टीम ने न्यू फ्रूट-सब्जी मंडी, करोंद स्थित दुकान नंबर 13 के संचालक मोहम्मद परवेज के यहां भी कार्रवाई की। यहां गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित करने के लिए तरबूज और आम के नमूने लिए गए। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि फलों और केमिकल रिपनर के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com