

Bhopal Railway Station Viral Video: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल रेलवे स्टेशन से एक दिल को झकझोर देने वाला एक वीडियो सामने आया है। दरअसल, तेज रफ्तार से चलती ट्रेन को पकड़ने की कोशिश में एक यात्री ट्रेन से गिर जाता है और करीब 5 सेकंड की वीडियो में वह 4 से 5 बार ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच घसीटता हुआ नजर आता है। अंत में वह ट्रेन के नीचे दब जाता है। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रही है।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह घटना 31 मार्च की रात की है जब युवक भोपाल इंदौर एक्सप्रेस ट्रेन खुलने के बाद चढ़ने की कोशिश में नीचे गिर गया था। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसके बाद घायल युवक का इलाज हमीदिया अस्पताल में चल रहा है। इस घटना का CCTV फुटेज अब सामने आया है।
वीडियो के पहले ही सेकंड में युवक प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर ट्रेन के साथ दौड़ता हुआ नजर आता है। अगले ही सेकंड वह कोच के गेट के साइड हिस्से से टकरा जाता है। करीब 3 सेकंड के भीतर वह सीधे गेट से टकराता है और चलती ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच फंस जाता है। महज 5 सेकंड के अंदर वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच 4 से 5 बार घूमता है। इसके बाद अगले 6 सेकंड में वह ट्रेन के नीचे की ओर खिंचता चला जाता है और वीडियो से ओझल हो जाता है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह घटना Bhopal रेलवे स्टेशन की है, जो 31 मार्च की रात करीब 11:31 बजे प्लेटफॉर्म नंबर 6 की है। उस समय 19304 भोपाल-इंदौर एक्सप्रेस स्टेशन से गुजर रही थी, तभी युवक इसकी चपेट में आ गया।
जानकारी के अनुसार ट्रेन की स्पीड करीब 40 किमी प्रति घंटा थी। इसी रफ्तार में युवक के कई बार ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंसने से उसे बेहद गंभीर चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद रेलवे स्टाफ और आरपीएफ ने 108 एंबुलेंस बुलाकर युवक को भोपाल (Bhopal) के हमीदिया अस्पताल पहुंचाया। जीआरपी के अनुसार युवक की हालत अभी भी बहुत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों ने उसे बयान देने की स्थिति में नहीं बताया है। युवक के पास कोई पहचान पत्र नहीं मिला।
जेब में रखा मोबाइल फोन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था, जिससे पहचान करने में परेशानी हो रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह बिहार का निवासी और करीब 25-26 वर्ष का बताया जा रहा है। घटना के समय मौजूद प्रत्यक्षदर्शी हल्के भाई लोधी ने बताया कि हादसे के बाद प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी मच गई थी। जीआरपी के कहने पर वह इंसानियत के नाते घायल युवक के साथ अस्पताल तक गया। उसके मुताबिक युवक की हालत बेहद गंभीर थी, उसका एक हाथ टूट चुका था और सिर में गहरी चोट थी, लेकिन इसके बावजूद वह सांस ले रहा था और दर्द से कराह रहा था।