‘साहब! कस्टडी में ही शादी करवा दो प्लीज’, गिरफ्तार आरोपी से शादी करने थाने पहुंची दुल्हन, फिर क्या हुआ?
Illegal Gang Bhopal: भोपाल में 'इलीगल' गैंग के सरगना को उसकी शादी के मंडप से गिरफ्तार कर लिया गया, जिसके बाद उसकी दुल्हन हल्दी और मेहंदी लगाए थाने में घंटों गुहार लगाती रही। जानें फिर क्या हुआ।
- Written By: प्रतीक पाण्डेय
आरोपी दूल्हे से शादी करने थाने पहुंची दुल्हन, फोटो- सोशल मीडिया
MP Crime News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बुधवार को एक शादी समारोह उस समय किसी फिल्मी ‘क्राइम ड्रामा’ में बदल गया, जब मंडप में फेरों की तैयारी के बीच पुलिस ने धावा बोल दिया। जिस घर में खुशियों का माहौल था और शहनाइयां गूंजने वाली थीं, वहां अचानक पुलिस की वर्दी देखकर मेहमान सन्न रह गए।
पुलिस ने दूल्हे आकाश उर्फ भूरा को, जो कि शहर के कुख्यात ‘इलीगल’ गैंग का सरगना बताया जाता है, शादी की रस्मों के बीच से ही गिरफ्तार कर लिया।
हल्दी-मेहंदी लगाकर थाने पहुंची दुल्हन
इस नाटकीय घटनाक्रम के कुछ घंटों बाद, दुल्हन सीमा कोहेफिजा पुलिस स्टेशन पहुंची। उसके चेहरे पर शादी की हल्दी और हाथों में गहरी मेहंदी रची थी, लेकिन आंखों में खुशी के बजाय बेबसी के आंसू थे। उसने पुलिस अधिकारियों के सामने हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाते हुए कहा, “साहब, मेरी जिंदगी बर्बाद हो जाएगी, इसमें मेरी क्या गलती है?”
सीमा ने पुलिस से गुहार लगाई कि उसके होने वाले पति को केवल दो घंटे के लिए रिहा कर दिया जाए ताकि शादी की रस्में पूरी हो सकें। जब अधिकारियों ने मना कर दिया, तो उसने यहां तक मांग की कि शादी की रस्में पुलिस कस्टडी के भीतर ही करा दी जाएं, लेकिन कानून की सख्ती के आगे उसकी एक न चली।
सम्बंधित ख़बरें
विक्रमादित्य विश्वविद्यालय में दहशत का साया, सिंदूर से दीवार पर लिखी मौत की धमकी; सहमे छात्र और प्रोफेसर
कौन हैं रंजना प्रकाश देसाई? उत्तराखंड और गुजरात के बाद अब MP ने सौंपी UCC ड्राफ्ट करने की जिम्मेदारी
जुन्नर में मातम: खेत के गड्ढे में डूबने से दो मासूमों की मौत, बल्लालवाड़ी इलाके में पसरा सन्नाटा
व्यापारी का अपहरण कर 17 लाख का माल लूटा: हथियार दिखाकर कोरा चेक भी छीना; नागपुर के 9 आरोपियों पर मामला दर्ज
अपहरण और ₹8 लाख की फिरौती का मामला
आकाश की यह गिरफ्तारी एक सनसनीखेज अपहरण के मामले से जुड़ी है। आरोप है कि आकाश और उसके साथियों ने मिलकर एक 26 वर्षीय पुजारी का अपहरण किया और उसे ईदगाह हिल्स इलाके के एक फ्लैट में बंधक बनाकर रखा।
आरोपियों ने पुजारी को बेरहमी से पीटा और उसे बलात्कार के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर ₹8 लाख की फिरौती मांगी। पीड़ित के भाई से ₹50,000 ऑनलाइन वसूलने के बाद, बाकी रकम किस्तों में देने का दबाव बनाया गया था। पुजारी किसी तरह उनके चंगुल से भाग निकला और 11 मार्च को एमपी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर दूल्हे को मंडप से उठा लिया।
गर्दन पर ‘Illegal’ टैटू और 31 आपराधिक मामले
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आकाश उर्फ भूरा एक शातिर अपराधी है जिसके खिलाफ हत्या और अपहरण जैसे 31 गंभीर मामले दर्ज हैं। वह मार्च 2024 में भाजपा युवा मोर्चा के नेता सुरेंद्र कुशवाह की हत्या का मुख्य आरोपी भी है। आकाश करीब चार महीने पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था।
यह भी पढ़ें: यूपी के प्राइवेट हॉस्पिटल की करतूत, प्रसूता और जुड़वा बच्चों की मौत के बाद शव टॉयलेट में छिपाया, फिर…
वह जिस ‘इलीगल’ गैंग का नेतृत्व करता है, वह 2018 से भोपाल के वाजपेयी नगर में सक्रिय है। इस गिरोह के 50 से अधिक सदस्य अपनी पहचान के तौर पर अपनी गर्दन पर ‘Illegal’ शब्द का टैटू गुदवाते हैं।
6 साल का प्यार और कानून की दीवार
बताया जा रहा है कि सीमा और आकाश पिछले 6 सालों से रिलेशनशिप में थे और उनकी यह लव मैरिज होने वाली थी। हालांकि सीमा ने पुलिस के सामने दावा किया कि उसे आकाश के अपराधों के बारे में जानकारी नहीं थी, लेकिन पुलिस सूत्रों का कहना है कि वह उसके आपराधिक इतिहास से वाकिफ थी।
पुलिस ने आकाश के साथ उसके पांच अन्य साथियों- राजमजी ठाकुर, अभिषेक उपाध्याय, अभिषेक मीणा, नीरज खांगे और अमित ओसवाल को भी गिरफ्तार किया है और सभी को रिमांड पर भेज दिया गया है।
