भिंड में भीषण सड़क हादसा: गाय को बचाने के चक्कर में लोडिंग वाहन और ट्रक की टक्कर में 8 मजदूरों की मौत, 22 घायल

Bhind Pickup Dumper Accident : भिंड के छीमका गांव के पास हाईवे-719 पर पिकअप और डंपर की जोरदार भिड़ंत में 8 मजदूरों की मौत और 22 घायल हो गए। गायों को बचाने के दौरान हादसा हुआ।
Eight Workers Killed And 25 Injured In Pickup Dumper Collision
भिंड में हुए सड़क हादसे में 8 मजदूरों की मौत(फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Bhind Highway Accident : भिंड जिले में नेशनल हाईवे-719 पर गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के छीमका गांव के पास देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। लोडिंग वाहन और सामने से आ रहे ट्रक की जोरदार भिड़ंत में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 22 लोग घायल हुए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार लोडिंग वाहन में सवार मजदूर ग्वालियर जिले के डबरा के पास चिनोर गांव में धान की रोपाई का काम करने के बाद उत्तर प्रदेश लौट रहे थे। सभी मजदूर पछगवां, लखीमपुर खीरी और आसपास के गांवों के रहने वाले बताए जा रहे हैं। काम पूरा होने के बाद वे लोडिंग वाहन से अपने घरों के लिए रवाना हुए थे।

गायों को बचाने के दौरान हुआ हादसा

बताया जा रहा है कि रात करीब 12 बजे छीमका गांव के पास हाईवे पर सड़क पर कुछ गायें बैठी थीं। अचानक सामने आए मवेशियों को बचाने के प्रयास में लोडिंग वाहन बेकाबू हो गया और सामने से आ रहे ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। दोनों वाहनों की रफ्तार तेज होने के कारण टक्कर बेहद भीषण थी। हादसे में लोडिंग वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

पांच मजदूरों ने मौके पर ही दम तोड़ा

हादसा इतना भीषण था कि लोडिंग वाहन में सवार पांच मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गोहद चौराहा थाना प्रभारी रामनरेश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकाला और तत्काल एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजने की व्यवस्था की।

पांच एंबुलेंस से घायलों को पहुंचाया अस्पताल

हादसे की जानकारी मिलते ही डायल-108 एंबुलेंस प्रभारी प्रभांशु दुबे ने तत्काल पांच एंबुलेंस मौके पर भेजीं। इसके अलावा डायल-112 वाहन की मदद भी ली गई। सभी घायलों को गोहद स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को ग्वालियर रेफर कर दिया गया।

रास्ते में तीन घायलों की मौत

पुलिस के अनुसार, गंभीर हालत में ग्वालियर ले जाए जा रहे घायलों में से तीन लोगों ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर आठ हो गई। वहीं करीब 22 लोग घायल बताए जा रहे हैं। कुछ घायलों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।

Eight Workers Killed And 25 Injured In Pickup Dumper Collision
सागर: अंतिम यात्रा भी नहीं आसान! पॉलीथिन के सहारे हुआ अंतिम संस्कार, कीचड़ भरे रास्ते से पहुंची अर्थी

पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच

भीषण हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में गायों को बचाने के दौरान वाहन के बेकाबू होने की बात सामने आई है, हालांकि हादसे की वास्तविक वजह पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। हाईवे पर हुए इस हादसे के बाद कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com