PWD के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर पर EOW का बड़ा छापा; बालाघाट, भोपाल और छिंदवाड़ा में ताबड़तोड़ कार्रवाई

PWD Engineer EOW Action: आय से अधिक संपत्ति मामले में पीएडब्ल्यूडी के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर पर ईओडब्ल्यू का बड़ा शिकंजा, सुबह 5:45 बजे भोपाल, छिंदवाड़ा और बालाघाट ठिकानों पर एक साथ छापेमारी।
EOW conducts major raid on PWD executive engineer
PWD के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर पर EOW का बड़ा छापा(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

EOW Raid On PWD Executive Engineer: मध्य प्रदेश में आर्थिक अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए इकोनॉमिक ऑफेंस विंग (ईओडब्ल्यू) ने गुरुवार को पीएडब्ल्यूडी के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर कमलकिशोर सिंगारे से जुड़े तीन ठिकानों पर छापेमारी की।

आय से अधिक संपत्ति के मामले में की गई इस कार्रवाई के दौरान बालाघाट स्थित सरकारी आवास से 2.5 लाख रुपये नकद और करीब 25 लाख रुपये कीमत की एक गाड़ी बरामद होने की जानकारी सामने आई है। टीम दस्तावेजों और अन्य संपत्तियों से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है।

सुबह 5:45 बजे तीन टीमों ने शुरू की कार्रवाई

ईओडब्ल्यू की तीन अलग-अलग टीमों ने गुरुवार सुबह करीब 5:45 बजे एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया। अधिकारियों के मुताबिक, बालाघाट में पीएडब्ल्यूडी एग्जीक्यूटिव इंजीनियर कमलकिशोर सिंगारे के सरकारी आवास के अलावा छिंदवाड़ा और भोपाल स्थित उनके घरों पर भी तलाशी ली गई। बालाघाट में कार्रवाई का नेतृत्व ईओडब्ल्यू के डीएसपी मंजीत सिंह ने किया। यह कार्रवाई अदालत से अनुमति मिलने के बाद शुरू की गई।

सरकारी आवास से कैश और गाड़ी बरामद

तलाशी के शुरुआती चरण में बालाघाट जिला स्थित सरकारी आवास से 2.5 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा करीब 25 लाख रुपये कीमत की एक गाड़ी भी टीम के हाथ लगी है। ईओडब्ल्यू अधिकारियों द्वारा बरामद दस्तावेजों और अन्य सामग्री की जांच की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाली संपत्तियों और वित्तीय लेन-देन का भी रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।

EOW conducts major raid on PWD executive engineer
Ground Report: सीहोर में सरकारी स्कूल का बड़ा फर्जीवाड़ा, बिना छात्रों के कागजों पर लग रही हाजिरी

बिल पास करने के बदले कमीशन मांगने का आरोप

अधिकारियों के अनुसार कमलकिशोर सिंगारे पिछले करीब 14 महीनों से बालाघाट में पदस्थ थे। उनके खिलाफ निर्माण कार्यों से जुड़े बिल पास करने के बदले ठेकेदारों से कमीशन मांगने की शिकायतें सामने आई थीं। सिविल कॉन्ट्रैक्टर्स एसोसिएशन के महासचिव यूनुस खान ने 13 जुलाई को जबलपुर जिले में ईओडब्ल्यू के समक्ष सिंगारे के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज कराई थी। इसी शिकायत के बाद जांच आगे बढ़ी और छापेमारी की कार्रवाई की गई।

दस्तावेजों की जांच जारी, छिंदवाड़ा भी ले गई टीम

ईओडब्ल्यू की कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने सिंगारे से जुड़े दस्तावेजों और संपत्तियों की जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है। अधिकारियों ने बताया कि जांच के सिलसिले में टीम सिंगारे को छिंदवाड़ा भी ले जा रही थी। फिलहाल तलाशी और दस्तावेजों की जांच जारी है। ईओडब्ल्यू की जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि उनकी घोषित आय और बरामद संपत्ति के बीच कितना अंतर है तथा मामले में आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com