बालाघाट में 10 लाख की रंगदारी नहीं मिली तो प्लांट में आग लगा दी, 4 से 5 करोड़ का नुकसान; मामला दर्ज

Balaghat Extortion Case: बालाघाट में रंगदारी न मिलने पर सिंचाई प्लांट फूंका, ₹5 करोड़ के नुकसान मामले में सरपंच और जनपद सदस्य समेत ३ गिरफ्तार, गार्ड को जिंदा जलाने की कोशिश।
Plant allegedly set on fire after ₹10 lakh extortion demand in Balaghat
बालाघटा में रंगदारी ने देने पर जलाया प्लांट (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Balaghat Plant Fire Case: बालाघाट जिले के लामता थाना क्षेत्र स्थित राघोटोला के संगम घाट में माइक्रो सिंचाई परियोजना के पीएच-2 प्लांट में हुई भीषण आगजनी मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। कंपनी के गार्ड की शिकायत पर पुलिस ने ग्राम परतापुर के सरपंच, एक जनपद सदस्य समेत 10 से 11 लोगों के खिलाफ रंगदारी, आगजनी, जानलेवा हमला, मारपीट और धमकी सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।

आरोप है कि 10 लाख रुपये की कथित रंगदारी नहीं मिलने पर आरोपियों ने प्लांट में आग लगा दी, जिससे करोड़ों रुपये की सामग्री जलकर खाक हो गई। पुलिस ने इस मामले में जनपद सदस्य भुवनेश्वर रजक, सरपंच राजेश सिरसाम, राकेश दमाहे को गिफ्तार कर लिया है, बाकी की शिनाख्त की जा रही है।

पीएच-2 प्लांट में तैनात गार्ड ने दर्ज कराई शिकायत

पुलिस के अनुसार, त्रिराज वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड के पीएच-2 प्लांट में तैनात गार्ड अतुल बघेले ने शिकायत दर्ज कराई है कि 1 जुलाई को सरपंच राजेश सिरसाम, जनपद सदस्य भुवनेश्वर रजक, राकेश दमाहे और उनके साथ 7 से 8 अन्य लोग प्लांट पहुंचे और प्रोजेक्ट मैनेजर से 10 लाख रुपये की मांग की। जब कंपनी की ओर से रकम देने से इनकार किया गया तो आरोपी कथित तौर पर आगबबूला हो गए।

आरोपी राकेश ने पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग

शिकायत के मुताबिक राकेश दमाहे अपने साथ पेट्रोल से भरी केन लाया था, जिससे प्लांट में रखे पाइप और अन्य सामग्री पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई। रोकने पहुंचे गार्ड अतुल बघेले पर भी पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का प्रयास किया गया, जिसमें उसके हाथ झुलस गए। किसी तरह उसने बारिश के पानी से आग बुझाकर अपनी जान बचाई।

घटना के दौरान जान बचाकर भागे प्रोजेक्ट मैनेजर और अन्य कर्मचारी

घटना के दौरान प्रोजेक्ट मैनेजर और अन्य कर्मचारी जान बचाकर मौके से भाग निकले। आगजनी में प्लास्टिक पाइप, एचडीपीई फिटिंग, वाल्व, पैनल, स्काडा और अन्य उपकरणों सहित तीन कंटेनरों में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया। कंपनी ने करीब 4 से 5 करोड़ रुपये के नुकसान का दावा किया है।

घटना की सूचना पर पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। फिलहाल लामता बालाघाट पुलिस ने सरपंच, जनपद सदस्य सहित अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर तीन आरोपियों को गिफ्तार कर लिया है। बाकी की तलाश जारी है।

https://youtu.be/5hJbkGGoBqI?si=DXq6s5dstRj8LNEr

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com