बालाघाट में मौत के मुहाने से लौटीं 16 जिंदगी; मूसलाधार बारिश के बीच हॉक फोर्स और SDRF का रेस्क्यू ऑपरेशन

Balaghat Rescue Operation: बालाघाट में मूसलाधार आफत के बीच जांबाज रेस्क्यू, भानपुर में बाढ़ के पानी से घिरे 16 ग्रामीणों को पुलिस, SDRF और हॉक फोर्स ने सुरक्षित निकाला।
SDRF and Hawk Force rescue 16 people stranded during heavy rain in Balaghat
बालाघाट में भारी बारिश (सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Balaghat Heavy Rain Villagers Stucked: बालाघाट जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच हट्टा थाना क्षेत्र के ग्राम भानपुर में पुलिस और राहत दल की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। खेतों में कृषि कार्य करने गए 16 ग्रामीण अचानक नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने से चारों ओर से पानी से घिर गए और सुरक्षित लौटने का रास्ता बंद हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और हॉक फोर्स की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर साहसिक रेस्क्यू अभियान चलाया और सभी 16 ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। शुक्रवार को ग्राम भानपुर के 16 ग्रामीण खेतों में कृषि कार्य करने गए थे। इसी दौरान लगातार बारिश से जलस्तर तेजी से बढ़ गया और खेतों से गांव लौटने का मार्ग पूरी तरह जलमग्न हो गया। तेज बहाव के बीच ग्रामीण खेतों के बीच फंस गए और किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका पैदा हो गई।

पुलिस, एसडीआपएफ और हॉक फोर्स ने चलाया रेस्क्यू अभियान

घटना की सूचना मिलते ही किरनापुर थाना पुलिस ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद थाना हट्टा पुलिस, एसडीआरएफ और हॉक फोर्स गोदरी की संयुक्त टीम मौके पर रवाना हुई। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों और तेज बहाव के बावजूद रेस्क्यू टीम ने पूरी सावधानी और सूझबूझ के साथ अभियान चलाया।

राहत दल ने सभी 16 ग्रामीणों को सुरक्षित बाहल निकाला

राहत दल ने एक-एक कर सभी 16 ग्रामीणों तक पहुंच बनाई और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इसके बाद सभी ग्रामीणों को उनके घर भेजा गया। समय पर की गई कार्रवाई से किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। रेस्क्यू अभियान के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने भी राहत दल का सहयोग किया। पुलिस, एसडीआरएफ और हॉक फोर्स के समन्वित प्रयासों की क्षेत्र में सराहना की जा रही है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि राहत दल समय पर नहीं पहुंचता तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।

बारिश को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात

पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने बताया कि बारिश के दौरान जिले के कई क्षेत्रों में नदी-नालों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में पुलिस पूरी तरह सतर्क है और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर बैरिकेडिंग की गई है। उन्होंने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और हॉक फोर्स की संयुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी 16 ग्रामीणों का सुरक्षित रेस्क्यू किया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

एसपी ने जिलेवासियों से अपील की कि बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से नदी-नालों, पुल-पुलियों और जलमग्न मार्गों को पार करने का प्रयास न करें। खेतों में जाने से पहले मौसम और जलस्तर की जानकारी अवश्य लें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल डायल-112 या निकटतम पुलिस थाने को सूचना दें। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी आपदा की स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है।

https://youtu.be/6y8gnI23egQ?si=gB8Yr529R7r7v4_T

Navbharat Live
navbharatlive.com