

Ujjain Ganesh Temple: गणेश उत्सव पर देश के सभी गणपति मंदिरों में धूमधाम से पर्व को मनाया जाता है। 10 दिनों तक चलने वाले गणेश उत्सव में हर कोई भगवान के अलग-अलग स्वरूपों व मंदिरों के दर्शन करने जाता है। इसी कड़ी में आज हम आपको मध्य प्रदेश के उज्जैन में मौजूद अनोखे गणेश मंदिर के बारे में बताने जा रहे हैं। माना जाता है कि उज्जैन का यह मंदिर इस वजह से खास है क्योंकि यहां खुद भगवान राम ने पूजा की थी।
उज्जैन का चिंतामण गणेश मंदिर अपनी अलग पहचान रखता है। यहां पर भगवान गणेश के तीन अलग-अलग रूपों की पूजा की जाती है। मान्यता है कि भगवान गणेश भक्तों की सारी चिंता हर लेते हैं। यह मंदिर उज्जैन से करीब 6 किमी दूर स्थित है। गणेश उत्सव के दौरान इस मंदिर में काफी भीड़ लगती है।इस मंदिर में रहने वाले पुजारी जी के अनुसार चिंतामण गणेश जी सभी भक्तों की सुनते हैं। जिसकी वजह से इस मंदिर की मान्यता काफी अधिक है। माना जाता है कि भगवान राम की यहां चिंता, लक्ष्मण जी की इच्छा और माता सीता के कार्य सिद्ध हुए थे। इसी के बाद से मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण होती है।