Summer Skincare: मुलेठी से लेकर हल्दी तक, गर्मी में चेहरे को ठंडक और निखार देने वाले 5 सबसे बेस्ट फेस पैक

Summer Skin Tips: गर्मियों में त्वचा को ठंडक और सही देखभाल की जरूरत होती है वरना टैनिंग, पिंपल्स और डलनेस जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। ऐसे में प्राकृतिक चीजों से बने फेस पैक स्किन पर निखार लाते हैं।
Summer Skincare
चेहरे पर नेचुरल फेस पैक लगाती महिला (सौ. एआई)
Published on
Updated on

Natural Face Pack: गर्मियों का मौसम अपने साथ न केवल चिलचिलाती धूप लाता है बल्कि यह हमारी त्वचा के लिए भी कई चुनौतियां पेश करता है। तेज धूप, धूल और पसीने की वजह से अक्सर त्वचा मुरझा जाती है और चेहरे पर मुहांसे तथा एक्ने जैसी समस्याएं आम हो जाती हैं। जहां सर्दियों में त्वचा का बहुत अधिक ख्याल नहीं रखना पड़ता वहीं गर्मियों में स्किन को बाहरी तत्वों से बचाना अनिवार्य हो जाता है।

आयुर्वेद में ऐसी कई जड़ी-बूटियों का वर्णन है जो न केवल त्वचा की खोई हुई रौनक वापस लाती हैं बल्कि उसे अंदर से स्वस्थ भी बनाती हैं। आइए जानते हैं उन 5 प्रमुख जड़ी-बूटियों के बारे में जो इस गर्मी आपकी स्किन के लिए वरदान साबित हो सकती हैं।

नीम

नीम अपनी अद्भुत औषधीय विशेषताओं के लिए जाना जाता है। यह एंटी-बैक्टीरियल, एंटी-फंगल और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुणों से भरपूर है। गर्मियों में अगर आप पिंपल और एक्ने की समस्या से परेशान हैं तो नीम एक रामबाण इलाज है। इसके इस्तेमाल से रक्त की शुद्धि होती है जिससे चेहरे का प्राकृतिक निखार वापस आता है। नीम के पत्तों को मुल्तानी मिट्टी में मिलाकर फेस पैक के रूप में लगाने से मुहांसों में तुरंत राहत मिलती है।

मंजिष्ठा

आयुर्वेद में मंजिष्ठा को रक्त शुद्ध करने वाली एक शक्तिशाली जड़ी-बूटी माना गया है। यदि आपकी त्वचा की टोन असमान हो गई है या चेहरे पर दाग-धब्बे हैं तो मंजिष्ठा का सेवन या इसका फेस-पैक के रूप में इस्तेमाल बेहद प्रभावी होता है। यह त्वचा की गहराई से सफाई कर उसे चमकदार बनाता है।

हल्दी

हल्दी हर भारतीय रसोई का हिस्सा है लेकिन इसके सौंदर्य लाभ भी अनगिनत हैं। भरपूर एंटी-बैक्टीरियल गुणों के कारण यह चेहरे की सुंदरता निखारने और दाग-धब्बों से छुटकारा दिलाने में मदद करती है। गर्मियों में ठंडक के लिए आप मुल्तानी मिट्टी और चंदन के साथ चुटकी भर हल्दी मिलाकर चेहरे पर लगा सकते हैं।

चंदन

चंदन अपनी शीतलता के गुणों के लिए प्रसिद्ध है। गर्मियों में त्वचा पर पड़ने वाली धूप के साइड इफेक्ट्स को कम करने में चंदन का फेस पैक बहुत सहायक है। यह त्वचा को गहराई से पोषण देता है और चेहरे को ठंडा रखने में मदद करता है जिससे जलन और रेडनेस कम होती है।

मुलेठी

अक्सर लोग मुलेठी का उपयोग केवल सर्दी-जुकाम के लिए करते हैं लेकिन सदियों से इसका इस्तेमाल त्वचा संबंधी रोगों के इलाज में भी होता आया है। मुलेठी के लेपन से चेहरे के डार्क स्पॉट कम होते हैं और यह टैनिंग हटाने में भी बेहद कारगर है।

अगर आप इस गर्मी में इन आयुर्वेदिक फेस पैक्स का नियमित इस्तेमाल करते हैं तो आप त्वचा से जुड़ी लगभग हर परेशानी से निजात पा सकते हैं और एक प्राकृतिक निखार पा सकते हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com