

Mercury In Cosmetics: फेयरनेस क्रीमों में भारी मात्रा में मरकरी और लेड जैसे खतरनाक धातु पाए गए हैं। जिसका न केवल हमारे चेहरे पर बल्कि किडनी, दिमाग और तंत्रिका तंत्र पर भी गंभीर असर पड़ता है। ऐसे में किसी भी स्किन लाइटनिंग क्रीम को खरीदने या लगाने से पहले उसमें मौजूद इंग्रेडिएंट्स को जांच लेना चाहिए।
दरअसल मरकरी का काम त्वचा में बनने वाले मेलानिन को कम करना है। मेलानिन ही हमारी त्वचा के निखार के लिए जिम्मेदार होता है। स्किन में जब मेलानिन की मात्रा घटती है, तो तो त्वचा की रंगत कुछ ही दिनों में निखरने लगती है। इन क्रीम्स का लंबे समय तक इस्तेमाल करने से शरीर में मरकरी जमा होने लगता है, जिससे कई स्वास्थ्य समस्याएं पैदा हो सकती हैं।
मरकरी सिर्फ त्वचा की ऊपरी परत तक सीमित नहीं रहता। यह त्वचा के जरिए शरीर में पहुंचता है और वहां से खून में मिल सकता है, जो धीरे-धीरे किडनी, लिवर और दिमाग जैसे अंगों में डिपॉजिट होने लगता है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, मरकरी गर्भ में पल रहे शिशु तक भी पहुंच सकता है। इससे बच्चे के मस्तिष्क और शारीरिक विकास पर नकारात्मक असर का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए गर्भवती महिलाओं और गर्भधारण की योजना बना रही महिलाओं को इस प्रकार के क्रीम या किसी भी अन्य प्रोडक्ट से दूर रहना चाहिए। जब भी कोई स्किन केयर या हेयर केयर खरीदें, तो यह सुनिश्चित करें कि वो प्रेग्नेंसी में इस्तेमाल के लिए सेफ हो।
कुछ व्हाइटनिंग क्रीमों में लेड का भी इस्तेमाल किया जाता है। शरीर में इसकी अधिक मात्रा पहुंचने से हाई ब्लड प्रेशर, फर्टिलिटी प्रॉब्लम और बच्चों के ब्रेन डेवलपमेंट में समस्या हो सकती है।