मोगरे में नहीं आ रहे फूल? एक्सपर्ट के ये आसान सीक्रेट अपनाएं, कुछ ही दिनों में कलियों से लद जाएगा पौधा

Mogra Plant Care At Home: अगर आपके मोगरे के पौधे में लंबे समय से फूल नहीं आ रहे हैं, तो घबराने की जरूरत नहीं। जानिए एक्सपर्ट के बताए असरदार टिप्स, जो आपके मोगरे को फिर से फूलों से भर देंगे।
How To Get More Flowers In Mogra Plant
मोगरे का पौधा फूल (सौ.सोशल मीडिया)
Updated on

How To Get More Flowers In Mogra Plant: मोगरे के सफेद, खुशबूदार फूल किसी भी घर की सुंदरता और वातावरण को खास बना देते हैं। लेकिन कई लोगों की शिकायत रहती है कि उनका मोगरे का पौधा हरा-भरा तो दिखता है, मगर उसमें फूल नहीं आते। अगर आपके साथ भी यही समस्या है, तो घबराने की जरूरत नहीं है।

गार्डनिंग एक्सपर्ट्स के मुताबिक, पौधे की सही देखभाल, पर्याप्त धूप और संतुलित पोषण मिलने पर मोगरा भरपूर फूल देता है। आइए जानते हैं वे आसान टिप्स, जिनकी मदद से आपका पौधा भी ढेर सारी कलियों और फूलों से भर सकता है।

कहीं आप प्लास्टिक के गमले में तो नहीं लगा रहे मोगरा?

अगर आप चाहते हैं कि मोगरे का पौधा भरपूर फूल दे, तो उसे प्लास्टिक के गमले की बजाय मिट्टी के गमले (Earthen Pot) में लगाएं। मिट्टी का गमला जड़ों को बेहतर हवा और तापमान देता है, जबकि प्लास्टिक का गमला तेज धूप में ज्यादा गर्म हो जाता है, जिससे जड़ों पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।

धूप का ये नियम नहीं माना, तो फूल आने की उम्मीद भी कम हो जाएगी

मोगरे के पौधे को अच्छी मात्रा में धूप मिलना बेहद जरूरी है। केवल कुछ मिनट धूप दिखाने से काम नहीं चलेगा। एक्सपर्ट्स के अनुसार, पौधे को रोजाना कम से कम 5 से 6 घंटे सीधी धूप मिलनी चाहिए। पर्याप्त धूप मिलने से पौधे में नई कलियां बनने की संभावना बढ़ जाती है।

इस एक ट्रिक से पुराना पौधा भी फिर से फूलों से लद सकता है

अगर मोगरे का पौधा बहुत घना या पुराना हो गया है, तो समय-समय पर उसकी प्रूनिंग (छंटाई) जरूर करें। सूखी, कमजोर और पुरानी टहनियों को हटाने से नई शाखाएं निकलती हैं और इन्हीं नई शाखाओं पर अधिक फूल आने की संभावना रहती है।

सिर्फ पानी नहीं, ये पोषण भी है भरपूर फूलों का असली राज

मोगरे के पौधे को नियमित पोषण देना बेहद जरूरी है। हर 20 से 25 दिन में वर्मी कम्पोस्ट या अच्छी तरह सड़ी हुई गोबर की खाद मिट्टी में मिलाएं। इसके अलावा, फूलों की संख्या बढ़ाने के लिए केले के छिलकों से तैयार जैविक खाद भी समय-समय पर देना फायदेमंद माना जाता है, क्योंकि इसमें पोटैशियम अच्छी मात्रा में होता है।

पानी देने में की गई ये छोटी गलती रोक सकती है फूलों की बहार

कई बार जरूरत से ज्यादा पानी देने के कारण भी मोगरे का पौधा फूल देना कम कर देता है। पौधे को तभी पानी दें, जब गमले की ऊपरी मिट्टी सूखी दिखाई दे। पानी हमेशा सुबह या शाम के समय दें और तेज दोपहर में सिंचाई करने से बचें।

इन आसान गार्डनिंग टिप्स को नियमित रूप से अपनाने पर आपका मोगरे का पौधा न सिर्फ स्वस्थ रहेगा, बल्कि मौसम आने पर ढेर सारी कलियों और खुशबूदार फूलों से भी भर सकता है।

Navbharat Live
navbharatlive.com