(सौजन्य सोशल मीडिया)
रक्षाबंधन का त्योहार आते ही बाजार रंग-बिरंगी राखियों से भर जाता हैं। इस खास त्योहार के लिए बाजार में कई तरह के डिजाइन की राखियां आपको आसानी से मिल जाएंगी। इसमें रुद्राक्ष वाली राखी से लेकर फूलों वाली राखी, चांदी या सोने की राखी समेत कई तरह की राखियां मिल जाएंगी। आजकल तो कस्टमाइज्ड राखी का भी ट्रेंड है।
इस खास त्योहार को और भी खास बनाने के लिए आप घर पर भी अपने मन मुताबिक खूबसूरत राखियां बना सकती हैं और वो भी बिना पैसे खर्च किए। यहां हम आपको बताने जा रहे हैं कि कैसे आप वेस्ट मटीरियल से कमाल की राखियाँ बना सकते हैं। ये राखियां न सिर्फ खूबसूरत होंगी बल्कि पर्यावरण के अनुकूल भी होंगी।
रंगीन कागज
गोंद
कैंची
रिबन
मोती, स्टिकर या अन्य सजावटी सामान
कपड़े के टुकड़े
पुराने पोस्टकार्ड या कैलेंडर के पन्ने
आइसक्रीम की स्टिक्स
माचिस की तीलियाँ
सूखे फूल
पुराने बटन
इसके लिए पुराने बटनों को अलग-अलग रंगों में रंगें। फिर इन बटनों को गोंद की मदद से किसी आधार पर चिपकाएं। मोती, रिबन या अन्य सजावट से सजाएं। पीछे की तरफ रिबन लगाकर राखी तैयार करें।
आइसक्रीम की स्टिक्स को साफ करके मनपसंद रंगों से रंग दें। फिर इन स्टिक्स को एक साथ जोड़कर अलग-अलग आकार बना सकते हैं। मोती, रिबन या अन्य सजावट से सजाएं। पीछे की तरफ रिबन लगाकर राखी तैयार है।
पुराने कपड़े के टुकड़े को छोटे-छोटे वर्गों में काट लें। फिर इन वर्गों को एक साथ सिलाई करके या गोंद लगाकर जोड़ें। बीच में मोती या अन्य सजावट की चीजें लगाएं। अंत में पीछे की तरफ रिबन लगाकर राखी तैयार कर लें।
माचिस की तीलियों से राखी बनाने के लिए इन्हें गोंद की मदद से दिल, तारा या अन्य आकार में जोड़ें। फिर रंगीन कागज या कपड़े से सजाएं। अंत में पीछे की तरफ रिबन लगाकर राखी तैयार करें।
पुराने पोस्टकार्ड या कैलेंडर के पन्ने को काटकर मनचाहा आकार दें। इस पर ड्राइंग या पेंटिंग कर सकते हैं। इब सजावट के लिए मोती, रिबन या सूखे फूल का इस्तेमाल करें। पीछे की तरफ रिबन लगाकर राखी तैयार है।
लेखिका- सीमा कुमारी