सीमा कुमारी
नवभारत डिजिटल टीम: औषधीय गुणों से भरपूर ‘शहद’ (Honey) सेहत के लिए बहुत ही फायदेमंद होता है। आयुर्वेद में शहद को सेहत का खजाना माना जाता है। औषधीय गुणों से भरपूर शहद आपको कई गंभीर समस्याओं से बचा सकता है। यह स्वादिष्ट होने के साथ सेहत से भरपूर है। इसमें भरपूर मात्रा में कैल्शियम, कॉपर, पोटैशियम, मैंगनीज, जिंक जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। यह वजन कम करने के साथ कई बीमारियों को कंट्रोल करने में आपकी मदद कर सकता है। तो ऐसे में आइए जानें किन समस्याओं में शहद बेहद कारगर साबित हो सकता है।
हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार, जिन लोगों को पाचन संबंधी समस्या है, उनके लिए शहद रामबाण है। पाचन को दुरुस्त रखने के लिए आप नाश्ता करने से पहले एक कप गर्म पानी में एक चम्मच शहद और नींबू का रस मिलाकर पी सकते हैं, इससे आपको फायदा मिल सकता है।विशेषज्ञों के मुताबिक, जलने वाले जगह पर शहद को लगाने से लाभ मिल सकता है। अध्ययन में पाया गया कि जलने वाली जगह पर शहद को प्रयोग में लाने से यह कम समय में घाव को रोगाणुओं से बचाता है और उसे जल्द भरने में भी मदद करता है। जलन वाले स्थान पर शहद लगाने से इसका दाग भी नहीं पड़ता है।
अच्छी नींद के लिए आप शहद का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए बस एक गिलास गर्म दूध में एक चम्मच शहद मिलाएं और इसे पी लें। ऐसा करने से आपको सुकून भरी नींद आ सकती है। शहद त्वचा और बालों के लिए भी बहुत फायदेमंद होता है। यह न केवल एक प्राकृतिक मॉइस्चराइजर के तौर पर काम करता है बल्कि यह त्वचा को कई तरह के लाभ भी पहुंचाता है। रूखी त्वचा, बालों में रूसी, मुंहासों और चेहरे के दाग को कम करने के लिए शहद को प्रयोग में लाना बेहद लाभदायक हो सकता है। बालों के लिए, यह प्राकृतिक रूप से रूसी को कम करने में मदद करता है। हेयर पैक बनाने के लिए आप 1 अंडे में 2 बड़े चम्मच शहद को मिलाकर इसका उपयोग कर सकते हैं।
शहद में एंटीऑक्सीडेंट और एंटी बैक्टीरियल गुण पाए जाते हैं, जो इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाने में मदद करते हैं। जिससे आप कई तरह के संक्रमण और बीमारियों से बच सकते हैं। हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो, शहद मेटाबॉलिज्म को बूस्ट करता है, जिससे वजन कम होने में मदद मिलती है। इसके अलावा, यह भूख को भी कंट्रोल करता है, जिससे ज्यादा खाने से बच सकते हैं। अगर आप वजन कम करना चाहते हैं, तो रोजाना सुबह में एक गिलास गुनगुने पानी में शहद और नींबू का रस मिक्स करें और इसे खाली पेट पिएं। यह ड्रिंक वजन कंट्रोल करने में मददगार साबित हो सकता है।