सीमा कुमारी
नई दिल्ली: हर साल की तरह इस साल भी ‘फ्रेंडशिप डे’ (Friendship Day 2023) मनाया जाएगा। दोस्ती एक ऐसा रिश्ता है, जो बिना किसी स्वार्थ के हमारे साथ रहता है। यह रिश्ता बिना किसी भेदभाव के लोगों को एक-दूसरे से जोड़े भी रखता है। दोस्ती के इसी रिश्ते का जश्न मनाने के लिए हर साल फ्रेंडशिप डे मनाया जाता है। यह दिन खासतौर पर दोस्ती की अहमियत समझाने के मकसद से मनाया जाता है।
ऐसे में कई बार दिमाग में यह सवाल जरूर आया होगा कि आखिर क्यों फ्रेंडशिप डे हर साल अगस्त के पहले रविवार को मनाया जाता है। आइए जानें फ्रेंडशिप डे से जुड़े कुछ ऐसे ही फैक्ट्स के बारे में जो शायद आप नहीं जानती होगी।
जानकारों के अनुसार, अलग-अलग देशों में अलग-अलग तारीख पर यह दिन मनाया जाता है। दरअसल, कई सारे देशों में जहां अगस्त के पहले रविवार को फ्रेंडशिप मनाते हैं, तो वहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसे 30 जुलाई को सेलिब्रेट किया जाता है। बात करें इस दिन के इतिहास की तो, साल 1958 में पहली बार पराग्वे में इस दिन को मनाने का प्रस्ताव दिया गया था। बाद में इस प्रस्ताव पर विचार करते हुए संयुक्त राष्ट्र ने 30 जुलाई को इंटरनेशनल फ्रेंडशिप डे के रूप में घोषित किया गया और इसके बाद से हर साल 30 जुलाई को कई देशों में इंटरनेशनल फ्रेंडशिप डे मनाया जाने लगा।
हालांकि, कुछ देश ऐसे भी हैं, जहां 30 जुलाई की जगह अगस्त के पहले रविवार को फ्रेंडशिप डे मनाया जाता है। इस देशों में भारत का नाम भी शामिल है। भारत के अलावा मलेशिया, संयुक्त राज्य अमेरिका (USA), संयुक्त अरब अमीरात (UAE), और बांग्लादेश जैसे देशों में भी अगस्त के पहले रविवार को ‘फ्रेंडशिप डे’ मनाया जाता है।
महत्व और थीम
यह दिन खासतौर पर दोस्तों और उनकी दोस्ती को समर्पित है। इस दिन को दोस्ती का जश्न मनाने और लोगों के जीवन में दोस्त की अहमियत को समझाने के मकसद से मनाया जाता है। यह दिन बताता है कि कैसे एक दोस्त के बिना हमारा जीवन अधूरा है और दोस्त हमारी जीवन में क्या मायने रखते हैं। वहीं, बात करें इस साल की थीम की, तो फ्रेंडशिप डे 2023 के लिए थीम ‘दोस्ती के जरिए मानवीय भावना को साझा करना’ (Sharing The Human Spirit Through Friendship) तय की गई है।