

वियतनाम का मशहूर बान मी सैंडविच ब्रेड, ताजी सब्जियों और खट्टी-मीठी फिलिंग से तैयार होता है।
घर पर इसका वेजिटेरियन वर्जन बनाने के लिए पनीर, खीरा, गाजर, मूली और पत्ता गोभी जैसी चीजों का इस्तेमाल किया जाता है।
सब्जियों को सिरके में कुछ देर रखने और ब्रेड को हल्का सेंकने से सैंडविच में बाहर से क्रिस्पी और अंदर से सॉफ्ट फिलिंग मिलती है।
Vietnamese Street Food: वियतनामी खाने का स्वाद चखना चाहती हैं तो 'Bánh Mì Sandwich' एक टेस्टी सैंडविच है। यह वियतनाम का मशहूर स्ट्रीट फूड है, जिसमें बाहर से क्रिस्पी और अंदर से नरम ब्रेड के बीच कई तरह की फिलिंग भरी जाती है।
इसमें खट्टी-मीठी सब्जियां, खीरा, हरी पत्तियां, तीखी मिर्च और सॉस का इस्तेमाल होता है। पारंपरिक बान मी में मीट और पैटे जैसी चीजें भी डाली जाती हैं, लेकिन आप घर पर आसानी से इसका वेजिटेरियन वर्जन बनाने के लिए इसमें पनीर और सब्जियों का इस्तेमाल किया जा सकता है।
2 फ्रेंच ब्रेड रोल
100 ग्राम पनीर
1 छोटा खीरा
1 छोटी गाजर
आधा कप पत्ता गोभी
कुछ धनिया पत्ती
2 बड़े चम्मच मेयोनीज
1 छोटा चम्मच सोया सॉस
1 छोटा चम्मच तेल
बारीक कटी हरी मिर्च
नमक और काली मिर्च स्वादानुसार
अचार बनाने के लिए
1 छोटी गाजर
आधा कप मूली
2 बड़े चम्मच सफेद सिरका
1 छोटा चम्मच चीनी
आधा छोटा चम्मच नमक
2 बड़े चम्मच पानी
गाजर और मूली को पतली लंबी स्ट्रिप्स में काट लें। एक कटोरी में सिरका, चीनी, नमक और पानी मिलाएं। इसमें कटी हुई सब्जियां डालकर अच्छी तरह मिला लें। इन्हें 20-30 मिनट के लिए छोड़ दें, इससे सब्जियों में हल्का खट्टा-मीठा स्वाद आएगा।
पनीर को लंबी पतली स्ट्रिप्स में काट लें। पैन में थोड़ा तेल गर्म करें और पनीर डालकर हल्का सुनहरा होने तक सेंकें। अब इसमें सोया सॉस और काली मिर्च डालकर मिला लें। पनीर को ज्यादा न पकाएं।
ब्रेड को बीच से लंबाई में काटें, लेकिन दोनों हिस्सों को पूरी तरह अलग न करें। तवे पर हल्का मक्खन लगाकर ब्रेड को अंदर की तरफ से कुछ मिनट सेंक लें। इससे ब्रेड बाहर से हल्की क्रिस्पी और अंदर से नरम रहेगी।
ब्रेड के अंदर मेयोनीज लगाएं। इसके बाद पनीर की फिलिंग रखें। ऊपर से खीरे की लंबी स्लाइस, पत्ता गोभी, धनिया पत्ती और गाजर-मूली अचार डालें। स्वाद के अनुसार हरी मिर्च भी डाल सकती हैं।
अब ब्रेड को हल्के हाथ से दबाकर बंद करें और बीच से काट लें। आपका क्रंची वियतनामी बान मी सैंडविच तैयार है।