Most Expensive Rice: ये है दुनिया का सबसे महंगा चावल, कीमत सुनकर ही भर जाएगा आपका पेट!

Luxury Rice Price: दुनिया में कई तरह के अनोखे और महंगे खाद्य पदार्थ मौजूद हैं जिनकी कीमत जानकर लोग हैरान रह जाते हैं। उसी तरह दुनिया सबसे महंगा चावल भी है जिसकी कीमत होश उड़ा देंगी।
Most Expensive Rice In The World
चावल (सौ. एआई)
Published on
Updated on

World Costliest Rice: चावल तो हर घर की रसोई का हिस्सा है लेकिन क्या आपने कभी ऐसे चावल के बारे में सुना है जिसकी कीमत सोने की तरह चमकती है। जापान का किनमेमई प्रीमियम दुनिया का सबसे महंगा चावल है। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज करा चुके इस चावल का स्वाद और खूबियां दोनों ही बेमिसाल हैं।

जब बात लग्जरी खाने की आती है तो दिमाग में केसर या ट्रफल्स का नाम आता है लेकिन जापान ने चावल को भी इसी श्रेणी में ला खड़ा किया है। किनमेमई प्रीमियम (Kinmemai Premium) को दुनिया का सबसे महंगा चावल माना जाता है। इसकी एक किलो की कीमत लगभग 15000 रुपये (155 डॉलर) के आसपास होती है। इतने पैसों में एक मध्यमवर्गीय परिवार के कई महीनों का राशन आ सकता है या एक ब्रांडेड स्मार्टफोन खरीदा जा सकता है।

क्या है इसकी खूबी

इस चावल की सबसे अनोखी बात यह है कि इसे पकाने से पहले धोने की जरूरत नहीं होती। इसे विशेष राइस पॉलिशिंग तकनीक के जरिए तैयार किया जाता है। सामान्य चावल को धोने पर उसके कई पोषक तत्व पानी में बह जाते हैं लेकिन किनमेमई के साथ ऐसा नहीं है। इसे बिना धोए सीधे पकाया जाता है जिससे इसके विटामिन और मिनरल्स बरकरार रहते हैं।

स्वाद और सेहत का मेल

दिखने में यह चावल बिल्कुल छोटे मोतियों या सफेद हीरों जैसा लगता है। स्वाद की बात करें तो यह सामान्य चावल के मुकाबले काफी मीठा और नटी स्वाद वाला होता है। यह पकने के बाद काफी चिपचिपा हो जाता है जिससे इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है। सेहत के लिहाज से इसमें साधारण चावल की तुलना में 6 गुना ज्यादा लिपोसैकराइड्स होते हैं जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमताको जबरदस्त तरीके से बढ़ाते हैं।

गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम

इस चावल की कीमत और इसकी प्रीमियम क्वालिटी के कारण साल 2016 में इसे दुनिया का सबसे महंगा चावल होने का खिताब गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की ओर से दिया गया था। इसकी खेती के लिए जापान के अलग-अलग क्षेत्रों से बेहतरीन धान चुना जाता है और उसे 6 महीने तक विशेष प्रक्रिया से गुज़ारा जाता है।

किनमेमई प्रीमियम सिर्फ पेट भरने के लिए नहीं बल्कि एक स्टेटस सिंबल और सुपरफूड के तौर पर जाना जाता है। जापान में इसे अक्सर खास मौकों पर या लग्जरी गिफ्ट के रूप में दिया जाता है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com