Kanika Recipe: भगवान जगन्नाथ को बेहद प्रिय है मीठे चावल का यह भोग, घर पर ऐसे बनाएं स्वादिष्ट कनिका
Recipe Of Kanika: ओडिशा के पारंपरिक व्यंजनों में से एक है- कनिका, यह एक प्रकार का मीठा पुलाव होता है। कनिका भगवान जगन्नाथ को बेहद प्रिय है। ओडिशा के सभी घरों में त्योहारों में इसे बनाया जाता है।
- Written By: रीता राय सागर
कनिका (फोटो.सोशल मीडिया)
Recipe Of Lord Jagannath Bhog Prasad: ओडिशा का पारंपरिक भोजन भगवान जगन्नाथ को चढ़ाए जाने वाले भोग से प्रेरित है। इन व्यंजनों को हजारों वर्षो से मंदिर के रसोइयों द्वारा बनाया और प्रभु को भोग स्वरूप परोसा जा रहा है।
भगवान जगन्नाथ को अर्पित किए जाने वाले प्रसाद को महाप्रसाद, अवदा या छप्पन भोग कहा जाता है। छप्पन भोग का अर्थ है 56 प्रकार के महाप्रसाद, जो भगवान जगन्नाथ को प्रतिदिन अर्पित किए जाते हैं। इन्हीं में से एक है- कनिका।
कनिका एक हल्का मीठा और बेहद स्वादिष्ट पुलाव है, जिसमें प्याज-लहसुन का इस्तेमाल नहीं होता। इसे बासमती चावल, घी, सूखे मेवे, चीनी, हल्दी और साबुत मसालों का इस्तेमाल किया जाता है। इस रेसिपी का सबसे अहम हिस्सा है फूले हुए चावल के दाने, जिन्हें थोड़े से घी में बनाया जाता है। उड़ीसा में फ्राइड राइस और बिरयानी के लोकप्रिय होने से पहले, कनिका सभी शादियों, पिकनिक और पारिवारिक समारोहों में परोसा जाता था।
सम्बंधित ख़बरें
Moringa Powder: ब्यूटी केयर के लिए क्यों है खास? जानिए स्किन और बालों पर मोरिंगा पाउडर के इस्तेमाल के 8 तरीके
Body Positivity: खुद को जैसा हैं वैसा अपनाने का संदेश देती हैं ये 7 बेहतरीन बॉलीवुड फिल्में और शोज
Fitness Tips : क्या 10,000 कदम रोज चलना सच में है जरूरी? जानिए एक्सपर्ट्स की राय
Jagannath Temples: पुरी ही नहीं, इन 2 जगन्नाथ मंदिरों में महिलाएं निभाती हैं ‘छेरा पहरा’ की परंपरा
कनिका बनाने के लिए सामग्री
- बासमती चावल – 1 कप
- घी – 4 बड़े चम्मच
- काजू – 6-7 (इच्छानुसार)
- किशमिश – 6-7 (इच्छानुसार)
- तेज पत्ता – 2
- लौंग – 2
- काली मिर्च – 4 – 5
- सफेद इलायची – 4
- काली इलायची – 1
- हल्दी पाउडर – 1 छोटा चम्मच
- नमक – एक चुटकी
- चीनी – ¼ कप
- दालचीनी – 1½ इंच, ताज़ी पिसी हुई
- जायफल – आधा जायफल, ताजा पिसा हुआ
- पानी – 2 कप
कनिका (फोटो.सोशल मीडिया)
कनिका बनाने की पारंपरिक विधि
- बासमती चावल को अच्छी तरह से धोकर रख लें। इसे तब तक धोएं जब तक पानी साफ न हो जाए और इसे 30 मिनट के लिए भिगो दें। फिर पानी निकाल दें और इसे एक प्लेट पर 10 मिनट के लिए फैला दें।
- एक गहरे और मोटे तले वाले बर्तन में एक बड़ा चम्मच घी गरम करें। इसमें किशमिश और काजू डालें। काजू के सुनहरे भूरे रंग के होने और किशमिश के फूलने तक भूनें, ध्यान रहे कि जले न। अब इसे एक बर्तन में निकालकर रख लें।
- एक पैन में एक बड़ा चम्मच घी गरम करें और उसमें तेज पत्ता, साबुत मसाले जैसे लौंग, काली मिर्च, इलायची डालकर भूनें।
- जब घी से सुगंध आने लगे, तो उसमें चावल डालें और उसे तब तक भूनें जब तक वह पारदर्शी और चमकदार न हो जाए, ध्यान रहे कि चावल के दाने टूटे नहीं।
- हल्दी और नमक डालें। अच्छी तरह मिलाएँ और पानी डालें। ढककर चावल को तीन चौथाई तक पकाएं।
- अब इसमें चीनी, दालचीनी पाउडर, जायफल पाउडर, काजू, किशमिश और बचा हुआ घी डालकर अच्छी तरह मिला लें। कुछ काजू और किशमिश बाद में सजाने के लिए अलग रख दें।
- ढककर तब तक पकाएं जब तक पानी सूख न जाए। बीच-बीच में चलाते रहें ताकि चावल जल न जाएं। चावल पक जाने के बाद गैस बंद कर दें।
- कनिका को तली हुई काजू और किशमिश से सजाकर थाली में परोसें। कनिका को त्योहारों के दौरान दालमा, सागा, टमाटर खजूर खट्टा या आलू दम के साथ और नॉन वेज प्रेमियों के लिए चिकन या मटन कसा के साथ खाने से स्वाद दोगुना हो जाता है।
