Gajar Ka Halwa Tips: घर पर गाजर का हलवा बनाते समय क्यों नहीं आता बाजार जैसा स्वाद? अपनाएं 8 कुकिंग ट्रिक्स

Gajar Ka Halwa Tips: घर पर गाजर का हलवा बनाते समय अगर बाजार जैसा स्वाद और टेक्सचर नहीं आता, तो गाजर चुनने से लेकर दूध, चीनी और मावा डालने तक इन 8 कुकिंग ट्रिक्स को अपनाएं।
Gajar ka halwa cooking tips perfect taste.
गाजर का हलवाफोटो.सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • बाजार जैसा गाजर का हलवा बनाने के लिए सही गाजर चुनने के साथ उसे घी में भूनना और धीमी आंच पर पकाना जरूरी है।

  • दूध, चीनी और मावा डालने का सही समय हलवे के स्वाद और टेक्सचर को बेहतर बनाता है।

  • इलायची और मेवे आखिर में डालें और दूध-चीनी की नमी अच्छी तरह सूखने के बाद ही हलवे को गैस से उतारें।

Gajar Ka Halwa: सर्दियां आते ही हर घर में गाजर का हलवा बनने लगता है। बाजार में मिलने वाला गाढ़ा, खुशबूदार और दानेदार चमकदार हलवा देखकर अक्सर घर पर भी वैसा ही बनाने का मन करता है। लेकिन घर का हलवा या तो ज्यादा पानीदार हो जाता है या फिर उसमें बाजार जैसी मिठास और रिचनेस नहीं आ पाती।

इसकी वजह हर बार सामग्री नहीं, बल्कि उसे पकाने का तरीका भी है। अगर आप कुछ छोटी-छोटी कुकिंग ट्रिक्स अपनाएं, तो घर पर भी स्वादिष्ट गाजर का हलवा बन सकता हैं।

सही गाजर का चुनाव करें

हलवे के लिए ताजी, लाल और रसदार देसी गाजर चुनें। बहुत ज्यादा सूखी या सख्त गाजर से हलवे का स्वाद और टेक्सचर सही नहीं आता है। गाजर जितनी अच्छी होगी, हलवे का रंग और प्राकृतिक मिठास उतनी बेहतर होगी।

गाजर को सही आकार में कद्दूकस करें

गाजर को न बहुत मोटा और न ही बहुत बारीक घिसें। गाजर को घिसने के लिए मीडियम ग्रेटर का इस्तेमाल करें। बहुत मोटी गाजर पकने में ज्यादा समय लेती है, जबकि बहुत बारीक कद्दूकस करने पर हलवा पेस्ट जैसे टेक्सचर का बनता है।

पहले घी में भूनें गाजर

कद्दूकस की हुई गाजर को सीधे दूध में डालने की बजाय थोड़े घी में पहले 2-3 मिनट भूनें। इससे गाजर की कच्ची महक निकल जाती है और हलवे में अच्छा स्वाद आता है। ध्यान रखें कि गाजर को तेज आंच पर भूरा नहीं करना है।

फुल क्रीम दूध का करें इस्तेमाल

बाजार जैसा रिच स्वाद पाने के लिए फुल क्रीम दूध का इस्तेमाल करें। इसमें मौजूद फैट हलवे को क्रीमी टेक्सचर देता है। दूध डालने के बाद इसे धीमी से मध्यम आंच पर पकाएं और बीच-बीच में चलाते रहें, ताकि दूध तले में न लगे।

चीनी डालने में न करें जल्दबाजी

अक्सर लोग गाजर के साथ ही चीनी डाल देते हैं। ऐसा करने से गाजर जल्दी पानी छोड़ती है और हलवा ज्यादा देर तक पकाना पड़ता है। बेहतर है कि गाजर और दूध अच्छी तरह पकने के बाद चीनी मिलाएं। इसके बाद हलवे को तब तक पकाएं, जब तक सारा पानी सूख न जाए।

मावा डालने का सही समय समझें

हलवे को बाजार जैसा रिच स्वाद देने के लिए मावा ऐड करें। इसे दूध जब एक तिहाई तक सूख जाएं, उसके बाद डालें। मावा मिलाने के बाद कुछ मिनट तक हलवे को अच्छी तरह भूनें, ताकि उसका स्वाद गाजर में घुल जाए।

Gajar ka halwa cooking tips perfect taste.
Besan Palak Sabji: सर्दियों में बनाएं बेसन-पालक की सब्जी, कम सामग्री में तैयार होगा स्वादिष्ट देसी खाना

इलायची और मेवे आखिर में डालें

इलायची पाउडर हलवे की खुशबू बढ़ाता है। बादाम, काजू और पिस्ता स्वाद के साथ हलवे को अच्छा टेक्सचर भी देते हैं। इन्हें गाजर का हलवा पकने के आखिरी में डालें, ताकि खुशबू और क्रंच बना रहे।

हलवे को अच्छी तरह भूनना न भूलें

दूध और चीनी का अतिरिक्त पानी सूखने के बाद हलवे को कुछ देर घी में भूनें। जब हलवा गाढ़ा और चमकदार दिखने लगे और किनारों पर घी हल्का अलग नजर आए, तब गैस बंद कर दें। यही स्टेप हलवे के स्वाद और टेक्सचर को बेहतर बनाने में मदद करता है।