

अलसी के बीजों को पानी में उबालकर घर पर जेल तैयार करें, इसे एलोवेरा के साथ मिलाकर बालों पर लगाएं।
यह मास्क बालों को मुलायम बनाने और उलझन कम करता है, इससे कंघी करना आसान हो जाता है।
अलसी के बीजों और एलोवेरा से बना हेयर मास्क सर्दियों में रूखे और उलझे बालों को मुलायम बनाता है।
Flaxseed Gel for Hair: सर्दियों में ठंडी हवा और वातावरण में कम नमी के कारण बाल रूखे, बेजान और उलझे हुए हो जाते हैं। ऐसे में बालों को मुलायम बनाए रखने के लिए हर बार महंगे हेयर स्पा की जरूरत नहीं होती।
रसोई में रखे अलसी के बीजों से भी एक आसान हेयर मास्क तैयार किया जा सकता है। इसमें मौजूद प्राकृतिक म्यूसिलेज जेल जैसी बनावट होती है, जो बालों की कंडीशनिंग कर उसे स्मूद और सिल्की बनाता है।
2 बड़े चम्मच अलसी के बीज
1 कप पानी
1 बड़ा चम्मच एलोवेरा जेल
सबसे पहले एक पैन में अलसी के बीज और पानी डालें। इसे धीमी आंच पर 5-7 मिनट तक उबालें। बीच-बीच में चम्मच से चलाते रहें। जब पानी गाढ़ा और जेल जैसा होने लगे, तो गैस बंद कर दें।
मिश्रण हल्का गर्म रहने पर ही इसे बारीक छन्नी या साफ सूती कपड़े से छान लें। ठंडा होने पर जेल और गाढ़ा हो जाता है, इसलिए इसे पूरी तरह ठंडा होने से पहले छानना आसान रहता है।
तैयार जेल में एक बड़ा चम्मच एलोवेरा जेल मिलाकर अच्छी तरह फेंट लें। अब आपका हेयर मास्क तैयार है।
बालों को छोटे हिस्सों में बांटकर इस हेयर मास्क को उनकी लंबाई और सिरों पर लगाएं। इसे 20-30 मिनट तक लगा रहने दें। इसके बाद सामान्य पानी से अच्छी तरह धोएं और जरूरत के अनुसार माइल्ड शैंपू का इस्तेमाल करें।