Diwali Cleaning Tips: दिवाली की सफाई में ये 7 जगहें अक्सर छूट जाती हैं, बाद में न करना पड़े पछतावा

Home Cleaning Tip: दिवाली से पहले घर की सफाई करते समय फर्श, अलमारी और किचन पर तो ध्यान जाता है, लेकिन कई ऐसी जगहें छूट जाती हैं जहां धूल, चिकनाई और गंदगी जमा होती है। 7 जगहों की चेकलिस्ट जरूर देख लें।
Diwali cleaning tips 7 places often missed.
दीवाली क्लीनिंग टिप्सफोटो.सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • खिड़कियों की पटरियों से लेकर दरवाजों की चौखट तक, इन जगहों पर छिपी गंदगी को न करें नजरअंदाज।

  • स्विचबोर्ड, रिमोट और दरवाजों के हैंडल की सफाई में रखें खास ध्यान।

  • पहले ऊपर की जगहें साफ करें और आखिर में फर्श पर पोछा लगाएं।

Diwali Cleaning Checklist: दिवाली आने से पहले घर की सफाई का काम लगभग हर घर में शुरू हो जाता है। कोई अलमारियां ठीक करता है, तो कोई किचन की चिकनाई हटाने और फर्श चमकाने में जुट जाता है। लेकिन कई बार घंटों सफाई करने के बाद भी घर के किसी न किसी कोने में गंदगी छूट ही जाती है।

ऐसी जगहों पर महीनों से धूल, चिकनाई और गंदगी जमा होती है। इसलिए इस बार सफाई पूरी करने से पहले घर के इन 7 हिस्सों को भी चेक कर लें।

खिड़कियों की पटरियां और चौखट

खिड़कियों के शीशे साफ करने के बाद अक्सर उनकी पटरियों पर ध्यान नहीं दिया जाता। इन संकरी जगहों पर धूल, मिट्टी और छोटे कीड़े जमा हो सकते हैं। इसी तरह दरवाजों की ऊपरी चौखट पर भी धूल की परत जम जाती है।

पहले सूखे ब्रश या पुराने टूथब्रश से पटरियों के कोनों की धूल निकालें। इसके बाद कपड़े से पोंछ लें। ज्यादा गंदगी होने पर सतह के अनुकूल क्लीनर इस्तेमाल करें।

पंखे के ब्लेड और लाइट

कमरे की सफाई करते समय फर्नीचर और फर्श, तो साफ हो जाती है, लेकिन पंखे और लाइटें रह जाती हैं। ऐसे में पंखों के ब्लेड, लैंपशेड और लाइटों के बाहरी हिस्सों पर जमी धूल छूट सकती है। दिवाली की रोशनी में यह गंदगी ज्यादा नजर आती है।

इसे साफ करने के लिए सबसे पहले बिजली बंद करें और पंखा पूरी तरह रुकने दें। लंबे डस्टर या सूखे माइक्रोफाइबर कपड़े से धूल हटाएं। लाइटों को साफ करने से पहले उन्हें ठंडा होने दें और उन पर सीधे पानी न छिड़कें।

स्विचबोर्ड और दरवाजों के हैंडल

घर में सबसे ज्यादा छुई जाने वाली चीजों में स्विचबोर्ड, दरवाजों के हैंडल और अलमारी के हैंडल शामिल हैं। इन पर उंगलियों के निशान और गंदगी जमा होती है, लेकिन नियमित सफाई में अक्सर इनकी बारी नहीं आती।

बिजली के स्विचबोर्ड पर सीधे पानी या क्लीनर का छिड़काव न करें। सूखे या बहुत हल्के नम कपड़े से बाहरी सतह साफ करें, ध्यान रखें कि नमी स्विच और बिजली के हिस्सों के अंदर न जाए।

फ्रिज डोर की रबर और ऊपर

फ्रिज की सफाई तो हो जाती है, लेकिन दरवाजे के किनारों पर लगी रबर की पट्टी और फ्रिज के ऊपर का हिस्सा छूट जाता है। रबर की सिलवटों में खाने के छोटे टुकड़े या चिपचिपी गंदगी जमा हो सकती है। वहीं किचन में फ्रिज के ऊपर धूल और चिकनाई की परत जम सकती है।

फ्रिज की रबर को हल्के साबुन वाले पानी और मुलायम कपड़े से साफ करें। फिर उसे अच्छी तरह सुखा दें। ऊपर की सतह साफ करते समय फ्रिज के बिजली वाले हिस्सों में पानी न जाने दें।

एग्जॉस्ट फैन और उसकी जाली

किचन में खाना बनाते समय निकलने वाली चिकनाई और धूल एग्जॉस्ट फैन की जाली पर जम जाती है। बाथरूम के एग्जॉस्ट फैन पर भी धूल जमा होती रहती है। ऊंचाई पर होने के कारण इनकी सफाई अक्सर टल जाती है।

ऐसे में इनकी सफाई के लिए सफाई से पहले बिजली की सप्लाई बंद करें। हटाई जा सकने वाली जाली को निर्देशों के अनुसार निकालकर साबुन वाले पानी से साफ करें और पूरी तरह सुखाकर ही लगाएं। मोटर या बिजली के हिस्सों पर पानी न डालें।

सोफे के पीछे और बिस्तर के नीचे

कमरे में झाड़ू-पोछा लगाने के बावजूद सोफे के पीछे, बिस्तर के नीचे और भारी फर्नीचर के किनारों पर धूल जमा रह जाती है। इन जगहों पर बाल, कागज के छोटे टुकड़े और दूसरी गंदगी भी रह जाती है।

हल्का फर्नीचर सावधानी से खिसकाकर उसके पीछे और नीचे झाड़ू या वैक्यूम क्लीनर चलाएं। भारी फर्नीचर अकेले न खिसकाएं। बिस्तर के नीचे रखे सामान को बाहर निकालकर भी साफ करें, ताकि गंदगी दोबारा जमा न हो।

टीवी रिमोट और वॉशिंग मशीन

टीवी रिमोट, गेम कंट्रोलर और दूसरे छोटे उपकरण रोज इस्तेमाल होते हैं, लेकिन उनकी सफाई अक्सर याद नहीं रहती। इसी तरह वॉशिंग मशीन की डिटर्जेंट दराज और फ्रंट-लोड मशीन की रबर सील में साबुन का अवशेष, नमी और गंदगी जमा होती है।

रिमोट को साफ करने से पहले बैटरी निकालें। उसके बाहरी हिस्से को उस पर दिए गए  निर्देशों के अनुसार साफ करें और उसमें तरल पदार्थ न जाने दें। वॉशिंग मशीन की दराज को भी निकालकर धोएं और सुखाएं। रबर सील को मुलायम कपड़े से पोंछकर सूखा रखें।

Diwali cleaning tips 7 places often missed.
Festive Wardrobe Reset: त्योहारों के बाद कपड़ों और ज्वेलरी को ऐसे करें व्यवस्थित, अगले साल भी आएंगे काम

सफाई करते समय इन बातों का भी रखें ध्यान

  • ऊपर से नीचे की ओर सफाई करें: पहले पंखे, लाइट और ऊंची सतहें साफ करें। इसके बाद फर्नीचर और आखिर में फर्श की सफाई करें, ताकि नीचे जमा धूल दोबारा न फैल जाए।

  • हर सतह पर एक ही क्लीनर न लगाएं: लकड़ी, कांच, पत्थर और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के लिए अलग-अलग सफाई निर्देश हो सकते हैं।

  • सजावट से पहले सफाई पूरी करें: दीये, लाइटें, तोरण और दूसरी सजावटी चीजें लगाने से पहले संबंधित जगहों की धूल हटा लें।

Navbharat Live
navbharatlive.com