
दिवाली से पहले त्वचा की सफाई और हाइड्रेशन का रखें ध्यान।
सनस्क्रीन और हल्के एक्सफोलिएशन से स्किन को बनाएं हेल्दी।
नेचुरल ग्लो के लिए नींद, पानी और संतुलित डाइट भी है जरूरी।
Diwali Skin Care Tips: दिवाली पर हर कोई चाहता है कि उनका चेहरा फ्रेश, चमकदार और खिला-खिला नजर आए, लेकिन त्योहार की तैयारियों, काम की भागदौड़ और नींद पूरी न होने का असर त्वचा पर भी दिखने लगता है। ऐसे में आखिरी दिन महंगे फेशियल के बजाय पहले से स्किन की देखभाल करना बेहतर है। अगर आप भी दिवाली पर बिना हैवी मेकअप के नेचुरल ग्लो पाना चाहती हैं, तो ये 7 आसान तरीके अपने ब्यूटी रूटीन में जरूर शामिल करें।
चेहरे पर जमा धूल, पसीना, तेल और मेकअप त्वचा को बेजान दिखाते हैं। इसलिए सुबह और रात को अपनी स्किन टाइप के अनुसार माइल्ड क्लींजर से चेहरा साफ करें। बहुत ज्यादा बार फेस वॉश करने से बचें।
चेहरे पर नेचुरल ग्लो बनाए रखने के लिए त्वचा का हाइड्रेटेड रहना जरूरी है। चेहरा धोने के बाद हल्की नम त्वचा पर मॉइस्चराइजर लगाएं। अपनी स्किन के अनुसार ग्लिसरीन, हायलूरोनिक एसिड या सेरामाइड्स वाले प्रोडक्ट चुनें।
सनस्क्रीन को अपने डेली रूटीन का हिस्सा बनाएं। एसपीएफ 30 या उससे अधिक और ब्रॉड-स्पेक्ट्रम सनस्क्रीन लगाएं। बाहर रहने पर हर दो घंटे में या पसीना आने या चेहरा धोने के बाद दोबारा लगाएं।
त्वचा पर डेड स्किन सेल्स जमा होने पर सप्ताह में एक बार माइल्ड एक्सफोलिएंट इस्तेमाल कर सकती हैं। सेंसिटिव स्किन होने पर इसे इस्तेमाल न करें। दिवाली से ठीक 1-2 दिन पहले नया केमिकल पील या स्ट्रॉन्ग स्क्रब इस्तेमाल न करें।
त्योहार से पहले त्वचा को फ्रेश लुक देने के लिए हाइड्रेटिंग शीट मास्क का इस्तेमाल करें। हायलूरोनिक एसिड या ग्लिसरीन वाले मास्क त्वचा में नमी बनाए रखते हैं। मास्क को रातभर चेहरे पर लगाकर न छोड़ें।
कम नींद और थकान के कारण आंखों के आसपास सूजन और थकान होने लगती है। इसके लिए साफ ठंडे कपड़े से कुछ मिनट आंखों के आसपास सिकाई करें। पर्याप्त नींद लें।
स्किन को अंदर से ग्लोइंग बनाने के लिए पर्याप्त पानी पिएं और डाइट में मौसमी फल, हरी सब्जियां, प्रोटीन और नट्स शामिल करें। रोजाना 7 से 9 घंटे की नींद लें।