

मुंबई: लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में 27 मई की शाम क्रिकेट के साथ रोमांस का भी तड़का देखने को मिला, जब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के बीच खेले गए IPL 2025 मुकाबले में विराट कोहली और अनुष्का शर्मा ने अपने प्यार से फैंस का दिल जीत लिया। इस मुकाबले में न केवल RCB ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 6 विकेट से जीत दर्ज की और क्वालिफायर 1 में जगह बनाई, बल्कि विराट और अनुष्का के बीच हुआ फ्लाइंग किस का रोमांटिक लम्हा सोशल मीडिया पर छा गया।
अनुष्का-विराट का रोमांटिक मोमेंट वायरल वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जैसे ही विराट कोहली मैदान पर वॉक करते हैं, उनकी नजर स्टैंड्स में बैठीं अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा पर जाती है। हमेशा की तरह इस बार भी विराट अपने प्यार का इजहार करने से नहीं चूके और उन्होंने अनुष्का को फ्लाइंग किस ब्लो किया। अनुष्का ने भी मुस्कुराते हुए अपने पति की तरफ फ्लाइंग किस भेजा। इस प्यारे पल को कैमरे में कैद कर फैंस ने सोशल मीडिया पर "रियल लवर्स" जैसे कैप्शन के साथ शेयर किया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।
फैंस हुए थे भावुक यह वीडियो ऐसे समय पर सामने आया है जब विराट कोहली ने हाल ही में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की है। इस फैसले से उनके फैंस भावुक हैं और ऐसे में विराट-अनुष्का का यह मोमेंट जैसे उनके दिलों पर मरहम लगाने जैसा है। विराट के संन्यास के बाद अनुष्का शर्मा ने भी एक इमोशनल पोस्ट शेयर कर अपने दिल की बात रखी थी। उन्होंने लिखा था, "हम तुम्हारे बनाए रिकॉर्ड्स के बारे में बात करेंगे, लेकिन मैं उन आंसुओं को याद रखूंगी जो तुमने कभी नहीं दिखाए। वो लड़ाइयां जो किसी ने नहीं देखीं। तुमने हमेशा अपने दिल की सुनी है और इस गुडबाय का हर हिस्सा कमाया है।"
स्टेडियम में मौजूद दर्शकों के लिए यह मुकाबला न केवल क्रिकेट का रोमांच लेकर आया, बल्कि विराट और अनुष्का की केमिस्ट्री ने भी इस शाम को यादगार बना दिया। क्रिकेट और इमोशंस का यह खूबसूरत मेल IPL 2025 के सबसे भावुक लम्हों में से एक बन गया है।