NMC Election: सीमांकन पर गरमाई सियासत, BSP बोली– त्रुटिपूर्ण है प्रभाग 33 की रचना

Nagpur Political Updates: नागपुर मनपा चुनाव के प्रभाग 33 के सीमांकन पर बसपा ने आपत्ति दर्ज की। बस्तियों के शामिल करने के तरीके पर सवाल उठाते हुए बसपा नेताओं ने मनपा मुख्यालय में लिखित आपत्ति सौंपी।
Nagpur Municipal Corporation
नागपुर महानगर पालिका (सोर्स: सोशल मीडिया)
Updated on

NMC Election: नागपुर मनपा चुनाव को लेकर घोषित किए गए प्रारूप प्रभाग रचना वर्ष 2017 की तरह होने के कारण भले ही राजनीतिक दलों और चुनाव लड़ने के इच्छुकों में आपत्तियां दर्ज कराने में उत्साह न हो किंतु प्रतिदिन 1-2 आपत्तियां दर्ज की जा रही हैं। इसी क्रम में अब बहुजन समाज पार्टी की ओर से प्रभाग 33 के सीमांकन में खामियां होने का कारण देते हुए कड़ी आपत्ति दर्ज कराई गई।

बसपा के महाराष्ट्र प्रदेश मीडिया प्रभारी उत्तम शेवडे और जिला महासचिव चंद्रशेखर कांबले ने गुरुवार को मनपा मुख्यालय में एक लिखित आपत्ति प्रस्तुत की जिसमें सीमांकन में कई गंभीर त्रुटियों की ओर इशारा किया गया है। विशेष रूप से इसमें शामिल बस्तियों को लेकर आपत्ति दर्ज की गई है।

बसपा ने आरोप लगाया है कि मनपा द्वारा प्रकाशित प्रारूप प्रभाग रचना में न केवल प्रभाग 33 की कुछ महत्वपूर्ण बस्तियों का उल्लेख नहीं किया गया है बल्कि बस्तियों को गलत प्रभागों में दर्शाया गया है। यहां तक कि कुछ के नाम अधूरे दिए गए हैं। बसपा ने कहा कि यदि इन त्रुटियों को ठीक नहीं किया गया तो मतदाताओं में अपने प्रभाग को लेकर भारी भ्रम पैदा होगा।

प्रमुख आपत्तियां और सुधार की मांग

  • बसपा ने आपत्ति जताई है कि प्रभाग 33 में प्रमुख रूप से स्थित जयभीम नगर, काशीनगर (उत्तर), नवीन ज्ञानेश्वरनगर, जुना बाबुलखेडा (दक्षिण), रूपनगर, आंबेडकरनगर, श्यामनगर, शुभनगर जैसी बस्तियों का उल्लेख मनपा द्वारा प्रकाशित प्रारूप सूची में नहीं किया गया है। बसपा का कहना है कि इनका प्रमुख रूप से उल्लेख किया जाना चाहिए।
  • प्रभाग 33 में स्थित श्रमजीवीनगर बस्ती को मनपा ने प्रभाग 17 में दिखा दिया है।
  • इसी तरह प्रभाग 17 में आने वाली जोशीवाड़ी को प्रभाग 33 में शामिल किया गया है।
  • प्रभाग 33 में स्थित नवीन कैलाशनगर को प्रारूप सूची में केवल 'कैलाश नगर' के रूप में दर्शाया गया है। वार्ड 32 में भी एक 'कैलाश नगर' मौजूद (जिसे पुराना कैलाश नगर कहा जाता है) है। इसलिए प्रभाग 33 के लिए इसे 'नवीन कैलाश नगर' के रूप में स्पष्ट रूप से लिखना आवश्यक है।

एक बस्ती का 2 प्रभागों में उल्लेख

नागपुर मनपा के पास दर्ज की गई आपत्ति में बताया गया कि प्रभाग 33 में आने वाले महात्मा फुलेनगर को प्रभाग 34 में भी दर्शाया गया है जबकि यह बस्ती प्रभाग 34 का हिस्सा नहीं है। इन सभी त्रुटियों को सुधारें और बस्तियों की अदला-बदली को तत्काल सुधारने की मांग की। आपत्ति में बताया गया कि 2017 में भी मनपा ने इसी प्रकार की गलतियां की थीं जिन्हें आपत्तियों के बाद सुधार दिया गया था।

Navbharat Live
navbharatlive.com